जमुई में बालू लदे ट्रैक्टर से कुचलकर दारोगा की हत्या, एक पुलिसकर्मी जख्मी

- अवैध बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को पकड़ने गई थी टीम: ट्रैक्टर ने रौदा, मौके पर मौत, चालक फरार
जमुई। बिहार में बालू का अवैध कारोबार करने वाले माफिया को मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। इनके अंदर से पुलिस प्रसाशन का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में अब एक ताजा मामला जमुई से निकल कर सामने आया है। यहां अवैध बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को पकड़ने गए दारोगा और उनकी टीम को ट्रैक्टर चालक ने रौद दिया। इस दौरान एक दारोगा की मौके पर ही मौत हो गयी है जबकि कई अन्य पुलिसकर्मी जख्मी है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। चौंकाने वाला मामला गरही थाना इलाके के रोपावेल के पास का है। बालू माफियाओं ने गश्ती पर गए अपर थानाध्यक्ष की ट्रैक्टर से कुचल कर मार डाला है। वहीं इस दौरान एक होमगार्ड के जवान राजेश कुमार साह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ट्रैक्टर से कुचलकर मारे गए दारोगा 2018 बैच के एसआई प्रभात रंजन हैं। घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जिले के एसपी शौर्य सुमन सदर अस्पताल पहुंचे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे पुलिस टीम गश्त के लिए निकली थी। इसी दौरान बालू लदे ट्रैक्टर को पुलिस टीम ने देखा। दारोग प्रभात रंजन ने ट्रैक्टर ड्राइवर को रोकने का इशारा किया। हालांकि, ट्रैक्टर ड्राइवर कुछ अलग ही सोच के बैठा था। उसने ट्रैक्टर रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी। आरोपी ड्राइवर ने दारोगा प्रभात रंजन और उनके साथी राजेश कुमार साह को रौंद दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गया। पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि पुलिस टीम को बचने का मौका ही नहीं मिला। दारोगा और पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की सूचना मिलते ही गरही थाना प्रभारी अमरेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। इस बीच दोनों घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अपर थाना प्रभारी प्रभात रंजन को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पूरे पुलिस महकमे में मातम का माहौल बना हुआ है। इधर, इस घटना में मृतक दरोगा की पहचान 2018 बैच के एसआई प्रभात रंजन के रूप में हुई है। जो गरही थाना में पदस्थापित था। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जमुई एसपी शोर्य सुमन खुद सदर अस्पताल पहुंच कर जांच- पड़ताल कर रहे हैं। घटना के बाद जमुई एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
