गया के बच्चों से भरी स्कूल वैन पलटी, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल

गया। बिहार के गया जिले के एन्युअल स्पोर्ट्स मीट में शरीक होने जा रहे बच्चों से भरी स्कूल बस पलटने से करीब एक दर्जन बच्चे घायल हो गए। बताया जाता है कि स्कूल बस का पहिला ही खुल गया जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। 9 बच्चे घायल हुए हैं। जिन्हें मगध मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामूली रूप से चोटिल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं जिन बच्चों को सिर में चोट आई है, उन्हें अस्पताल में रखा गया है। घटना स्थल पर स्कूल प्रबंधन पेरेंट्स व पुलिस पहुंची। वहीं बच्चों में घटना को लेकर दहशत है। वे किसी से बात नहीं कर रहे हैं। घटना के बाद बच्चे रोने लगे। मौके पर परिवहन विभाग की टीम भी पहुंच गई है। बस में 25 छात्र छात्राएं थीं। सभी 7 वीं, 8 वीं और 9 वीं क्लास के बच्चे हैं। मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के दुबहल के निकट स्थित को ऑपरेटिव स्कूल में शनिवार को एन्युल स्पोर्ट्स मीट थी। उसी मीट में शरीक होने के लिए बच्चे स्कूल बस से अपने अपने घरों से हंसते खेलते निकले थे। लेकिन रास्ते में एक बस से साइड लेने के दौरान बस का पहिया निकल गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई और साइड लेने के पहले ही सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। बस के पलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। बच्चे रोने चिल्लाने लगे। यह देखते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोग व राहगीर मौके पर पहुंच कर बच्चों को एक एक कर तेजी से बस से बाहर निकाला। इस बीच स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंच गया। आनन फानन में सभी बच्चों को एक साथ मगध मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं। मगध मेडिकल थाना के इंस्पेक्टर शैलेश कुमार ने बताया कि सभी बच्चे ठीक हैं। यह हादसा ओटीए के पास हुआ है। गनीमत यह रही कि बस की स्पीड नार्मल थी।