पटना समेत 19 जिलों का तापमान गिरा, अगले तीन दिनों में बढ़ेगी ठंड

पटना। बिहार के अधिकतर जिलों में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय अब ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे दिन मौसम सभी जिलों में सामान्य बना रहेगा। राज्य में पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रभाव सात से 6 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है। सुबह में राज्य के अधिकांश भागों में धुंध छाए रहने की संभावना है। साथ ही हिमालय की तलहटी वाले क्षेत्रों और राज्य के पश्चिमी भाग के जिलों में सुबह में हल्का से मध्यम कुहासा लाने का पूर्वानुमान है। अगले दो- तीन दिन तक उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिम के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। तापमान में गिरावट का सिलसिला तीन दिनों से जारी है। इसके प्रभाव से लोग सुबह-शाम हल्की ठंड के साथ सिहरन महसूस करेंगे। इस बीच बिहार में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस सीतामढ़ी के पुपरी और सबसे कम न्यूनतम तापमान गया में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 31.3 और न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बुधवार से पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान पटना सहित 19 शहरों की न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गया में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया।

You may have missed