August 12, 2026

ईडी के सामने पेश नहीं हुए सीएम केजरीवाल, लेटर लिखकर समन को बताया गैरकानूनी

नई दिल्ली। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल शराब नीति केस में पूछताछ के लिए आज जांच एजेंसी ईडी के सामने पेश नहीं हुए। इसके बदले केजरीवाल ने ईडी को एक लेटर भेजकर समन को वापस लेने को कहा। साथ ही केजरीवाल ने जांच एजेंसी से सवाल किया कि, आपने समन में मुझे यह नहीं बताया कि मैं संदिग्ध हूं या गवाह। ईडी के सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी केजरीवाल को नया समन जारी कर सकती है। ईडी ने 30 अक्टूबर को केजरीवाल को पूछताछ के लिए आने का समन भेजा था। इसे लेकर आज सुबह करीब 9 बजे केजरीवाल ने ईडी को जवाब भेजा था कि ये​ नोटिस गैर-कानूनी और राजनीति से प्रेरित है। सुबह करीब 11:30 बजे केजरीवाल अपने घर से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। दरअसल, वे आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मध्यप्रदेश के सिंगरौली में रैली करेंगे। ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर को भेजे अपने लेटर में केजरीवाल ने लिखा, समन से यह क्लियर नहीं है कि मुझे किस हैसियत से बुलाया जा रहा है यानी इस मामले में आप मुझे गवाह मान रहे हैं या संदिग्ध। आप मुझे दिल्ली के सीएम के तौर पर बुला रहे हैं या आम आदमी पार्टी के संयोजक के रूप में। ऐसा लग रहा है कि यह मछली पकड़ने की जाल की तरह है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ये समन भाजपा के इशारे पर भेजा गया। केजरीवाल ने लिखा- 30 अक्टूबर की दोपहर को भाजपा नेताओं ने कहना शुरू कर दिया था कि जल्द ही मुझे तलब किया जाएगा और अरेस्ट किया जाएगा। उसी दिन शाम को मुझे समन मिला। इससे साफ जाहिर है कि मेरी छवि बदनाम करने के लिए समन भाजपा नेताओं को पहले लीक कर दिया गया था। दिल्ली सीएम ने आगे लिखा, ‘देश में पांच राज्य यानी मिजोरम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। आम आदमी पार्टी हर जगह चुनाव लड़ रही है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और स्टार प्रचारक होने के नाते, मुझे चुनाव प्रचार के लिए यात्रा करनी है। दूसरी ओर मैं दिल्ली का मौजूदा मुख्यमंत्री हूं। दिवाली के त्योहार के चलते मेरे पास आधिकारिक तौर पर कई काम हैं। जहां मेरा होना जरूरी है। केजरीवाल ने लेटर के आखिर में ईडी से समन को वापस लेने की मांग की। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने मंगलवार को दावा किया था कि 2 नवंबर को ईडी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकती है। केजरीवाल के बाद इंडिया गठबंधन के दूसरे नेता भी गिरफ्तार होंगे। अगला नंबर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, केरल के सीएम पी विजयन, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का है।

You may have missed