February 21, 2026

राज्य के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन की 15 मिनट घटेगी अवधि, जानें पूरा मामला

पटना। राज्य के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने समय सारणी में आंशिक बदलाव कर राज्य के सभी जिलों के डीईओ (जिला शिक्षा पदाधिकारी) व डीपीओ (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी) से मंतव्य मांगा है। वर्तमान में मध्याह्न भोजन का समय 60 मिनट है, जिसे 45 मिनट करने का प्रस्ताव है। इस 15 मिनट की बचत का उपयोग भोजन के बाद संचालित तीन कक्षाओं की अवधि बढ़ाने में किया जाएगा। पहले ये कक्षाएं 30 मिनट की थीं, जिन्हें 35 मिनट किया जाना है। वही विद्यालय पूर्व की तरह सुबह नौ बजे से तीन बजे तक संचालित होंगे। प्रार्थना सभा पूर्ववत सुबह नौ बजे से 9.50 तक चलेगी। इसके बाद सुबह 9.50 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक संचालित चार कक्षाएं 40-40 मिनट की होंगी।12.30 बजे से 1.30 बजे तक मध्याह्न भोजन के समय की बजाय 1.15 बजे तक ही इसे संपन्न करने का प्रस्ताव है। वहीं, दोपहर बाद 1.15 बजे से लेकर तीन बजे तक तीन कक्षाओं का समय 30 मिनट की बजाय 35 मिनट करना है।

You may have missed