इंडिया को घमंडीया कहना ‘भारत जलाओ पार्टी’ के डर का प्रमाण : राजीव रंजन
पटना। भाजपा को ‘भारत जलाओ पार्टी’ की उपमा देते हुए जदयू के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि विपक्षी दलों की आपसी एकजुटता से भाजपा बुरी तरह घबराई हुई है। विपक्षी गठबंधान का सही नाम लेने में भी इनकी सांसे फुल रहीं हैं। ऊपर से युवाओं में इंडिया की तेजी से बढती लोकप्रियता ने इनकी नींदें हराम कर दी हैं। इन्हें कोई काट सूझ ही नहीं रहा है, इसीलिए यह लोग राजनीतिक क्षुद्रता का परिचय देते हुए इंडिया का नाम बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा यह जान ले कि उनकी सारी कोशिशें व्यर्थ हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के कारनामों को देखें तो ‘भारत जलाओ पार्टी’ नाम उनपर सटीक बैठता है। समाज को तोड़ने वाली उनकी राजनीति के कारण ही आज मणिपुर से लेकर हरियाणा तक झुलस रहा है। वही लोगों को अपना घर-बार छोड़ कर अपने ही देश में रिफ्यूजी बनना पड़ रहा है। महिलाओं की दिनदहाड़े अस्मत लूटी जा रही है। उद्योग-धंधे बंद हो चुके हैं। बच्चों की पढाई तक छूट चुकी है। बहुसंख्यक साम्प्रदायिकता के नाम पर बेशर्मी से अल्पसंख्यकों को डराया धमकाया जा रहा है। उनमें दहशत और ख़ौफ़ का माहौल पैदा कर दिया गया है। यहां तक कि देश के लिए मेडल जीतने वाली बेटियों को न्याय के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। लेकिन भाजपा नेताओं के मुंह से दो शब्द नहीं फूट रहे हैं। यह उनके घमंड और पाखंड दोनों दर्शाता है। ‘इंडिया’ इन जैसे घमंडीयों के घमंड को नेस्तनाबूंद करने के लिए बना है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा समझ चुकी है कि आगामी चुनाव में उनकी हार निश्चित है। जनता उनके खोखले वादों का सच समझ चुकी है। उन्हें पता चल चुका है कि बीजेपी सिर्फ बयानवीरों की पार्टी है, जो वादे पूरे करने की बजाए लोगों को आपस में लड़वा कर चुनाव जीतती है। जनता सवाल नहीं पूछे इसीलिए यह उन्हें उटपटांग बयानों से उलझाये रखते हैं। ‘इंडिया’ का नाम बिगाड़ना भी इनकी इसी साजिश का हिस्सा है।


