पटना में चोरों ने बंद घर को बनाया निशाना; 37 लाख की चोरी की, नवादा में था परिवार

पटना। पटना में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया है। ताजा मामला रूपसपुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ का है। जहां जमुना एनक्लेव अपार्टमेंट के ब्लॉक बी में शुक्रवार देर रात फ्लैट नंबर 204 को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने बंद घर से लाखों के जेवरात, नगद सहित कई कीमती सामान पर अपना हाथ साफ किया। घटना के वक्त उक्त फ्लैट में कोई नहीं था। इस बात का फायदा उठाते हुए चोरों ने बड़े आराम से फ्लैट को खंगाला और सारा सामन समेट चलते बने। शनिवार को पड़ोसियों ने फ्लैट का ताला टूटा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना फ्लैट मालिक को दी। जिसके बाद 112 पुलिस को फोन लगाया गया। सूचना पाकर डायल 112 की टीम के साथ रूपसपुर थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। फ्लैट मालिक गौतम कुमार ने बताया कि 25 जुलाई को हम रांची चले गये थे। मेरी पूरी फेमिली नवादा गई हुई थी। यहां के लोगों द्वारा मेरी पत्नी को कॉल कर बताया गया कि आपके फ्लैट का ताला टूटा हुआ है। जिसके बाद हमने अपने कुछ परिवार के लोगों को घर पर भेजा। साथ ही डायल 112 को भी इसकी सुचना दी। पता चला की घर में चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि फ्लैट से आलमारी में रखे 25 लाख के गहने, 12 लाख नगद और जरूरी कागजात चोरी कर ले गए। पुलिस अभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लेकिन अभी तक उन्हें कुछ खास नहीं मिला। मुझे लग रहा है जिस तरीके के फ्लैट को तोड़ा गया है, मुझे शंका है कि यदि मैं फ्लैट में रहता तो मेरी हत्या हो सकती थी। मामले को लेकर वहां के गार्ड ने बताया कि ब्लाक ए और ब्लाक बी में चोरों ने कुल चार फ्लैट का ताला तोड़ा है। लेकिन ब्लाक बी के फ्लैट नंबर 204 को छोड़ बाकी किसी फ्लैट में चोरी नहीं हुई है। इस संबंध में रूपसपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया की जमुना एन्क्लेव अप्पार्टमेंट के ब्लाक बी के फ्लैट नंबर 204 में चोरी की घटना हुई है। हमलोग छानबीन कर रहे है। डॉग स्क्वाड की टीम को बुलाकर जांच की जा रही है। फ्लैट मालिक के अनुसार गहनों और नगद की चोरी हुई है। कितनी हुई है अभी तक साफ तौर पर नही कहा जा सकता।

You may have missed