February 16, 2026

प्रदेश में आज से एक्टिव हुआ मानसून, पटना समेत सात जिलों में बारिश की संभावना

पटना। बिहार में आज से मानसून फिर एक्टिव हो गया है। पटना, बांका, मोतिहारी, खगड़िया, बगहा, नालंदा और रक्सौल में बारिश हुई है। जहानाबाद, जमुई, सीवान समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की माने तो 3 अगस्त तक कई जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। शनिवार को बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में अब तक 49 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके कारण कई जिलों में सूखे के हालात हैं और धान की रोपनी न होने से किसान परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोनी रेखा बीकानेर, रायसेन, दुर्गे, कोटा, दक्षिण ओडिशा और निकटवर्ती उत्तरी तटीय आंध्रप्रदेश पर बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक औसत समुद्र तल से 105 किमी ऊपर तक फैली है।इससे अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। साथ ही उत्तर पूर्व, उत्तर मध्य और दक्षिण पूर्व भागों के जिलों के एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ ठनका गिरने की भी संभावना है। शनिवार को पटना में भी मौसम ने करवट ली है। रामलखन पथ इलाके में बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि पटना में आज मौसम मिलाजुला रहेगा। आसमान में कभी बादल छाए दिख सकते हैं तो कभी धूप। वहीं शुक्रवार को पटना में दिन में कई बार बादल छाए, लेकिन बिना बरसे निकल गए। पटना में अगले कुछ दिनों तक हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। वहीं 1 अगस्त से 3 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है।

You may have missed