पटना समेत पूरे राज्य में तपिश भरी गर्मी का सितम जारी, 29 जुलाई के बाद बरसेंगे बादल
पटना। बिहार के लोगों को अभी उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिलने जा रही है। बारिश की स्थिति में कमी आने के कारण अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र पटना की माने तो पटना समेत पूरे प्रदेश में 29 जुलाई से बारिश की संभावनाएं बन रही है। हालांकि, सीतामढ़ी जिले में अगले एक से तीन घंटे के बीच हल्कि बारिश और वज्रपात की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 जुलाई के लिए उत्तर और पश्चिम बिहार में ज्यादा तो दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व बिहार में कम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। बाहरहाल आज बुधवार को पूरे दिन पटना सहित प्रदेश के 13 जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और लोगों को दिनभर उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
तीन दिनों तक एक से दो डिर्गी बढ़ेगी तापमान
मंगलवार को पटना सहित 8 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट और 21 जिलों में वृद्धि दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में 39 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा है। वहीं राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के आसार बन रहे हैं। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी और परेशान करेगी। भारत मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वैज्ञानिकों की माने तो अभी के समय पूरे राज्य भर में पुर्वा हवा का प्रवाह बना हुआ है। इस हवा से वातावरण को नमी मिलती है और बारिश की संभावना बनती है। लेकिन वर्तमान के पुर्वा से मिलने वाली नमी में उतनी ताकत नहीं है, जो ऊपर के वातावरण तक पहुंच सके। इसी कारण राज्य में बारिश नहीं हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो वर्तमान मौसमी विश्लेषण के अनुसार मॉनसून द्रोणी रेखा जैसलमेर, कोटा, रायपुर, भवानीपटना एवं उत्तरी आंध्र प्रदेश से होकर निम्न दबाव वाले क्षेत्र पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक प्रभावी है। इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी भाग में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की संभावना है और बारिश की स्थिति नहीं बनी हुई है।


