February 16, 2026

भ्रष्टाचारियों का 26 दलों का गठबंधन, अश्विनी चौबे बोले- बिहार में भाजपा की ही बनेगी सरकार

बक्सर। विपक्षी दलों के द्वारा गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ रखे जाने के बाद से ही भाजपाई नेता लगातार हमला बोलते नजर आ रहे है। इसी कड़ी में आज केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने तंज कसते हुए कहा की भ्रष्टाचारियों पर एक फिल्म ‘स्पेशल-26’ बनी थी, ठीक उसी तरह भ्रष्टाचारियों के 26 दलों का गठबंधन है। उन्होंने कहा की ये 26 दल मिलकर उसी फिल्म को दोहरा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जैसे अंग्रेजों ने ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर भारत को लूटा था, वैसे ही तमाम भ्रष्टाचारी और लुटेरों ने भारत की जनता को ठगने के लिए अपना नाम बदलकर ‘इंडिया’ रखा है। उन्होंने कहा कि सांप का केचुआ जिस तरह से बदलते रहता है, वैसे ही महाठगबंधन अपना नाम बदल रहा है। ईस्ट इंडिया कंपनी का दूसरा नाम इंडिया रखकर इन लोगों ने भारत को लूटने की साजिश की है। उन्होने आगे कहा की ये अपना नाम इंडिया रख लें या कुछ भी रख लें, लेकिन जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। बंगलोर की बैठक पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि दूल्हा इनका बना ही नहीं। मंडप सजकर रह गया। मंडप पटना में भी सजा था। अब कह रहे हैं कि हम मुंबई में मिलेंगे। अब मुंबई में फिल्म बनाएंगे। सब रिटायर हैं। सबको जनता धुनेगी।
‘बिन दूल्हा मंडप किस काम का’
उन्होंने कहा कि दूल्हा मंडप से पहले ही भागकर पटना पहुंच गए। दूल्हा तो पहले तय करते, लेकिन दूल्हा नाराज होकर पहले ही बंगलोर से चले गए। अब जब दूल्हा ही नहीं रहेगा तो मंडप किस काम का।
बिहार में भाजपा की ही बनेगी सरकार
केन्द्रीय राज्य मंत्री अश्वनी चौबे ने कहा कि भारत की जनता सिद्धांतविहीन लोगों को नक्कार खाने में भेजती रही है और आगे भी भेजती रहेगी। 2024 में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। 2025 में भी बिहार में भाजपा की ही सरकार बनेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम मुद्दा विहीन राजनीति नहीं बल्कि मुद्दों की राजनीति करते हैं। मुद्दों के साथ जनता की सेवा हमारी परम निष्ठा है।

You may have missed