February 17, 2026

पटना में एक दिन में कई बार ऑनलाइन चालान कटने की होगी समीक्षा, परिवहन मंत्री बोली- बैठक कर विभाग के साथ लूंगी पूरी जानकारी

पटना। पटना में बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों का एक ही दिन में कई बार ऑनलाइन चालान काटे जाने के मामले की समीक्षा होगी। परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने पूछने पर कहा-अभी पटना से बाहर हूं। मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है। पटना आने के बाद पूरी जानकारी लेने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी समीक्षा करूंगी। ट्रैफिक एडीजी सुधांशु कुमार ने कहा-हम मोटर वाहन एक्ट से बंधे हैं। यह एक्ट कहता है कि बिना हेलमेट बाइक चलाने पर चालान काटा जाएगा। एक्ट में यह बात नहीं लिखी है कि 24 घंटे में कितनी बार चालान काटा जाएगा। बिना हेलमेट वालों की बाइक का नंबर जहां-जहां कैमरा में कैप्चर होता है, उसी आधार पर चालान भेजा जाता है। इसकी आॅडिट हो रही है कि कितने वाहनों ने रोजाना ट्रैफिक नियम का उल्लंघन किया और कितने का नंबर कैमरे की जद में आया। अगर परिवहन विभाग यह नोटिस निकाल दे कि बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 24 घंटे के बाद ही दोबारा चालान भेजना है तो वैसा ही किया जाएगा। रांची, रायपुर और दिल्ली में बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 24 घंटे में एक ही बार ऑनलाइन चालान भेजा जाता है। रांची में इसके लिए एक स्पेशल सेल बनाया गया है, जो इसकी मॉनिटरिंग करता है। बिना हेलमेट वाला अगर एक स्थान पर लगे कैमरा में कैप्चर हो जाता है तो दूसरे स्थान पर लगे कैमरे से उसका आॅनलाइन चालान नहीं भेजा जाता है। लेकिन, पटना में एक दिन की तो बात दूर, चंद घंटों में बिना हेलमेट वाले की बाइक का नंबर जितने स्थानों पर लगे कैमरों की जद में आ रहा है, उतनी जगहों से एक-एक हजार का आॅनलाइन चालान भेजा जा रहा है। सवाल है कि देश में एक ही मोटर वाहन एक्ट लागू है तो फिर पटना में किस नियम के तहत बिना हेलमेट वालों को चंद घंटों में ही तीन-चार चालान भेजे जा रहे हैं। पटना में जिन स्थानों पर कैमरा नहीं लगा है, वहां अभी हैंड हेल्ड मशीन से मैनुअल चालान काटा जा रहा है। जहां कैमरा लग गया है, वहां ऑनलाइन चालान काट कर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को आॅनलाइन भेजा जा रहा है। पटना में 60 कैमरों से आॅनलाइन चालान भेजा रहा है। ट्रैफिक के एडीजी सुधांशु कुमार ने कहा कि जिन लोगों को चालान को लेकर कोई समस्या है तो वह ट्रैफिक एसपी कार्यालय में बने शिकायत केंद्र में लिखित शिकायत करें।

You may have missed