पटना में फिर बढ़ा ई-रिक्शा का किराया; न्यूनतम भाड़ा आठ रुपये, डीटीओ ने बताया अवैध
पटना। राजधानी पटना में अब ऑटो से ज्यादा ई-रिक्शा का किराया होगा। ई-रिक्शा चालक संघ ने न्यूनतम किराया 8 रुपए तय किया है, जबकि ऑटो का 5 रुपए है। यानी, अब ई-रिक्शा पर बैठे तो कम से कम 8 रुपए देने ही पड़ेंगे। साथ ही सभी रास्ते पर ऑटो से ज्यादा किराया तय कर दिया है। गांधी मैदान से खेतान मार्केट का किराया 8 रुपए, भिखना पहाड़ी का 10 रुपए, पटना जंक्शन का 10 रुपए, एयरपोर्ट का 15 रुपए, बैरिया का 25 रुपए होगा। संघ ने खुद ही किराया तय किया है। संघ के अध्यक्ष अक्षय चौरसिया ने कहा कि किराया को लेकर चालकों और यात्रियों के बीच अक्सर नोक-झोंक होती रहती है। कभी-कभी मारपीट भी होती है। इसलिए गांधी मैदान सहित अन्य इलाकों में आने-जाने के लिए किराया तय कर दिया गया है। सभी चालकों को किराया चार्ट दिया गया है। अगर कोई भी चालक अधिक पैसा लेते है तो उसपर कार्रवाई होगी। उधर डीटीओ श्रीप्रकाश ने कहा-रूट और किराया निर्धारित करना आरटीए का काम है। संघ द्वारा खुद ही किराया निर्धारित किया जाता है तो इसे अवैध माना जाएगा।


