January 29, 2026

भोजपुर में करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, पेड़ से पत्ता तोड़ने के दौरान हुआ हादसा

FILE PHOTO

आरा। भोजपुर में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले जाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। जानकारी के अनुसार मृतक अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बागा गांव निवासी मो.अतीउर रहमान उर्फ नौशाद आलम का 18 वर्षीय पुत्र मो.शाकिब आलम है। हादसा जिले के अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बागा पुल के समीप हुआ। इधर, मृतक के चाचा मो.सज्जाद आलम ने बताया कि शाकिब शौच करने गया था। शौच कर जब घर वापस लौट रहा था। तभी गांव के एक व्यक्ति ने उसे शिरीष के पेड़ से पत्ता तोड़ने के लिए कहा। जिसके बाद वह शिरीष के पेड़ पर चढ़ गया। बागा स्थित पुल के किनारे जितने भी पेड़ हैं वह सभी पेड़ हाईटेंशन विद्युत प्रवाहित तार से सटे हैं। जब वह पेड़ पर चढ़ कर पत्ता तोड़ रहा था। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद परिजन द्वारा उसे आनन-फानन में इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया जा रहा था। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन अपनी संतुष्टि को लेकर उसे संदेश रेफरल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात परिजन उसके शव को वापस गांव ले आए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने पांच भाई व एक बहन में तीसरे स्थान पर था। मृतक के परिवार में मां आरजू तमन्ना,चार भाई मुशर्रफ हुसैन,गुफरान,रहीम नूर आलम एवं एक बहन सहाना परवीन है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां आरजू तमन्ना एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You may have missed