January 29, 2026

राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, पटना में मेघ गर्जन के साथ बज्रपात की आशंका

पटना। राजधानी समेत इसके आसपास इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों हल्की बूंदाबांदी होने से उमस से लोग परेशान रहे। मानसून सक्रिय होने के से वर्षा की गतिविधियों में तेजी आई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र मध्य उत्तरप्रदेश व इसके आसपास बना हुआ है। इनके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान नौ जिले सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, जमुई व बांका में भारी वर्षा की चेतावनी है। पटना सहित शेष भागों में हल्की वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में अगले दो दिनों तक वर्षा का पूवार्नुमान है। बीते 24 घंटों के दौरान पटना सहित 13 शहरों के अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। 35.7 डिग्री सेल्सियस के साथ नवादा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जबकि पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत मधुबनी, सुपौल, दरभंगा, बांका, मुंगेर, औरंगाबाद, जहानाबाद, भागलपुर, रोहतास समेत अन्य भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई। पटना में 4.5 मिमी, मधुबनी के माधेपुर में 178.6 मिमी, फुलपरास में 148.2 मिमी, झंझारपुर में 140.0 मिमी, सुपौल के निर्मली में 117.2 मिमी, बीरपुर में 104.0 मिमी, मरौना में 92.6 मिमी, मधुबनी के पंडौल में 89.0 मिमी, दरभंगा के घनश्यामपुर में 88.6 मिमी बारिश दर्ज हुई।

वही बुधवार सुबह हल्की बारिश के बीच आसमान में बादल छाए रहे। दिन में धूप निकली तो उमस से लोग परेशान रहे। इस बीच अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री पर पहुंचा। यह सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री पर पहुंचा। यह सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। 13.6 किलोमीटर की गति से पूरवा हवा चली। सापेक्ष आर्द्रता सुबह सात बजे 95 प्रतिशत व दोपहर दो बजे 76 प्रतिशत पर रही। मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों का औसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 31.7 एवं 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। औसत सापेक्ष आर्द्रता 95 प्रतिशत सुबह में एवं दोपहर में 79 प्रतिशत रही। इस अवधि में 28.2 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई। मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने बताया कि अगले चार दिन तक मुजफ्फरपुर व आसपास के जिलों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाये रह सकते हैं। अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद की पूवार्नुमानित अवधि में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

You may have missed