February 22, 2026

औरंगाबाद में गूंगी महिला को डायन बताकर दबंगो ने बेरहमी से पीटा, अस्पताल में भर्ती

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के धेवही गांव में दबंगो ने डायन करार देकर एक गूंगी महिला को लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में महिला को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता नगीना कुंवर धेवही गांव निवासी स्व. दशरथ मिस्त्री की पत्नी है। परिजनों ने बताया की गांव के ही सुभाष मिस्त्री और जवाहर मिस्त्री के परिवार में कुछ दिन पहले एक बच्चें की मौत हो गई थी। इसके बाद से उस परिवार के लोगों द्वारा नगीना कुंवर पर यह आरोप लगाया जा रहा था कि वह डायन है और वह बच्चें को खा गई है। सोमवार को भी यही कहते हुए सुभाष मिस्त्री और जवाहर मिस्त्री घर पर आ धमके और नगीना कुंवर की बेरहमी से पिटाई करने लगे।

वही बीच बचाव करने पर हमलावरों द्वारा घर की दूसरी महिलाओं समेत पूरे परिवार की पिटाई की गई। घायल गूंगी महिला के परिजन ने बताया है की गांव के ही सुभाष मिस्त्री, उसकी पत्नी सविता देवी, जवाहर मिस्त्री, उसकी पत्नी अजीमा देवी, रमेश मिस्त्री, उसकी पत्नी रेखा देवी, मुनिचन मिस्री, उसकी पत्नी किरण देवी, राजू मिस्त्री, उसकी पत्नी ज्ञांति देवी, विश्वकर्मा कुमार एवं अभिषेक कुमार ने पूरे परिवार को जमकर पीटा और गूंगी महिला को डायन बताते हुए  लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से बुरी तरह पीट पीटकर अधमरा कर दिया था। इस मामले की सूचना दाउदनगर थाना को दी गई है। थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। लेकिन इस संबंध में पुलिस को कोई आवेदन नही मिला है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस इसके आलोक में त्वरित कार्रवाई करेगी।

You may have missed