November 17, 2026

MLA ज्ञानू का बड़ा धमाका : भाजपा के 80% मंत्री घूसखोर, तबादलों में खूब लिए पैसे

पटना। बिहार में किए गए थोक भाव में किए तबादलों पर नीतीश सरकार घिरती नजर आ रही है। जहां एक ओर सीएम नीतीश के मंत्री मदन साहनी ने इस्तीफे की घोषणा कर राजनीतिक हलके में तूफान ला दिया है। वहीं अब सरकार की सहयोगी पार्टी भाजपा के विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू ने बड़ा बयान देकर नीतीश सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि मंत्रियों ने अफसरों और कर्मियों के तबादलों में जमकर घूस खाई है। साथ ही ज्ञानू की मानें तो नीतीश कुमार के डर से जदयू से आनेवाले मंत्रियों ने घूस कम खाई है।
भाजपा से आनेवाले मंत्रियों ने डटकर लिया है पैसा
बाढ़ से भाजपा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने भाजपा से आनेवाले मंत्रियों पर सीधा हमला बोला है। ज्ञानू ने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्रियों ने तबादलों के लिए जमकर पैसा लिया है। ज्ञानू की मानें तो उन्हें इसकी पक्की खबर उन अफसरों से ही मिली है, जिनका पैसे लेकर ट्रांसफर किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के 80 फीसदी मंत्रियों ने घूस लिया है और अफसरों को बुला-बुला कर उनसे पैसों की मांग की है।
जदयू से आनेवाले ज्यादातर मंत्रियों को दी क्लीन चिट
ज्ञानू यहीं नहीं रूके, उन्होंने अपने बयान में जदयू से आनेवाले ज्यादातर मंत्रियों को क्लीन चिट दी है, लेकिन उन्होंने जदयू के भी कुछ मंत्रियों पर आरोप लगाए हैं। ज्ञानू ने बिना किसी का नाम लिए कहा है कि जदयू से आनेवाले एक मंत्री जो निर्माण विभाग से जुड़े हैं, उन्होंने भी जमकर ट्रांसफर के लिए पैसे लिए हैं। पैसे लेनेवाले मंत्री को उन्होंने हाइप्रोफाईल और जदयू में दूसरे दल से आनेवाला बताया है।
मंत्रियों को हटाने की मांग की
बता दें ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू नीतीश मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से नाराज हैं। इसके पहले सरकार गठन के दौरान जब भाजपा ने उन्हें मंत्री नहीं बनाया था, तब भी ज्ञानू ने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ जबदस्त नाराजगी जाहिर करते हुए जातीय समीकरणों का ख्याल नहीं रखने का आरोप लगाया था। आज भी ज्ञानू ने भाजपा केन्द्रीय नेतृत्व से घूस खाने वाले मंत्रियों को हटाने की मांग की है। ज्ञानू 2015 में जदयू और नीतीश कुमार से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए थे। कभी नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाने वाले ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू को जदयू में सम्मान नहीं मिलने के कारण पार्टी से अलग होना पड़ा था।

You may have missed