बिहार में 4 लाख वाहन मालिक टैक्स डिफॉल्टर, परिवहन विभाग ने वाहन जब्त करने की प्रक्रिया तेज की
file photo
पटना। परिवहन विभाग अब टैक्स न चुकाने वाले वाहन मालिकों पर कड़ी कार्रवाई करने के मूड में है। परिवहन विभाग ने राजस्व बढ़ाने के लिए पिछले दिनों विभागीय बैठक की थी। समीक्षा में पाया गया कि राज्य में फिलहाल 94 लाख 19 हजार 167 गाड़ियां निबंधित हैं। इनमें से चार लाख एक हजार 724 वाहन मालिक टैक्स डिफॉल्टर पाए गए। इन वाहन मालिकों पर सरकार का करोड़ों रुपया बकाया है। कई वर्ष बीत जाने के बावजूद रोड परमिट सहित अन्य मदों में वाहन मालिकों की ओर से टैक्स का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
अब ऐसे वाहन मालिकों से निपटने की तैयारी तेज कर दी है। कई सालों से टैक्स न चुकाने वाले चार लाख से अधिक डिफॉल्टर चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें विभाग नोटिस भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसमें अधिसख्ंय व्यावसायिक वाहनों के मालिक हैं। इनको नोटिस देकर 21 दिनों का समय दिया जायेगा। इसके बाद भी अगर तय समय-सीमा में वाहन मालिक बकाया टैक्स नहीं चुकाते हैं तो उनके खिलाफ सर्टिफिकेट केस करने की तैयारी है। इतना ही नहीं, टैक्स का भुगतान न करने पर गाड़ियों को भी जब्त किया जा सकता है।
परिवहन विभाग दके अनुसार, वाहन मालिकों को नोटिस भेजने की कार्रवाई जिला परिवहन कार्यालय के स्तर से होगी। टैक्स डिफाल्टरों में सबसे अधिक पटना जिले के वाहन मालिक हैं। इसके बाद गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा, गोपालगंज, औरंगाबाद, बक्सर आदि जिले का नंबर है।


