नालंदा : CM नीतीश ने गुरुद्वारा श्री नानक देव शीतलकुंड का किया परिभ्रमण, गुरुद्वारे में टेका मत्था

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा के राजगीर स्थित गुरुद्वारा श्री नानक देव शीतलकुंड का भी परिभ्रमण किया। गुरुद्वारा में मुख्यमंत्री का स्वागत सरोपा भेंटकर किया गया। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान गुरुद्वारा के निमार्ण कार्य का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री को गुरुद्वारा एवं पर्यटकों के लिए बनाए जा रहे रेस्ट हाउस से संबिधित विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का जन्म स्थान बिहार के पटना साहिब में है। उनका 350वां प्रकाश पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ध्यान रखा गया था। वर्ष 2019 में गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव शीतलकुंड का शिलान्यास किया गया था।


राजगीर का गर्म कुंड अपने आप में अनोखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर का गर्म कुंड अपने आप में अनोखा है। वर्ष 1506 ई. में श्री गुरुनानक देव जी राजगीर आए थे। उस समय गुरुनानक देव जी से लोगों ने आग्रह किया कि यहां सभी गर्म कुंड हंै, एक शीतल कुंड भी होना चाहिए। गुरुनानक देव जी जिस कुंड में खड़े हुए, तत्काल ही वह कुंड शीतल हो गया, जो आज शीतल कुंड के रुप में जाना जाता है। यह अपने आप में यूनिक है।
श्रद्धालु पटना साहिब के साथ राजगीर भी आएंगे
सीएम नीतीश ने कहा कि राजगीर अद्भुत जगह है। यहां वेणुवन, घोड़ा कटोरा का निर्माण कराया गया है। कुछ दिन पहले भी हम राजगीर आए थे लेकिन उस दिन मौका नहीं मिला। आज गुरुनानक देव जी के गुरुद्वारे में आकर मत्था टेका और यहां हो रहे निर्माण कार्य को देखने और समझने का मौका मिला। इस वर्ष नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा तो जो श्रद्धालु पटना साहिब आएंगे, वे राजगीर भी आएंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि देश-विदेश से भी लोग राजगीर आएंगे और यहां की कई अद्भुत चीजों को देखेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक पृथ्वी रहेगी, लोगों के मन में इस अद्भुत स्थल के प्रति श्रद्धा बरकरार रहेगी।


जो भी जरुरत होगी, सारी चीजों की व्यवस्था की जाएगी
उन्होंने कहा कि गंगाजल को शुद्ध पेयजल के रुप में नवादा, बोधगया, गया एवं राजगीर में लोगों तक पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है। राजगीर का भू-जल स्तर मेंटेन रहे, कुंड में पानी बना रहे, इन सब चीजों पर ध्यान दिया जा रहा है। यहां जो भी जरुरत होगी, सारी चीजों की व्यवस्था की जाएगी।
इस मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक श्रवण कुमार, कौशल किशोर, जितेंद्र कुमार, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य उदयकांत मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed