September 19, 2026

लिंक पर क्लिक न करें, वर्ना हो जाएंगे कंगाल; PM के पद नाम का इस्तेमाल, साइबर अपराधी वैशाली से गिरफ्तार

पटना। साइबर अपराधियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए अब नये-नये तरकीब ईजाद करने लगे हैं। कुछ ऐसा ही मामला बिहार में सामने आया है। साइबर अपराधी प्रधानमंत्री के पद नाम और बिहार पुलिस के लोगो का इस्तेमाल कर रहा था, जिसे आर्थिक अपराध इकाई की बिहार शाखा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधी को वैशाली से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इओयू के अधिकारियों ने लोगों से अपील भी की है कि वे किसी प्रकार के झांसे में न आएं, साथ ही ऐसा कोई संदिग्ध मामला दिखता है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस या आर्थिक अपराध इकाई को दें।
बताया जाता है कि आर्थिक अपराध इकाई को सूचना मिली थी कि एक व्हाट्सएप यूजर जिसके प्रोफाइल पिक्चर में बिहार पुलिस का लोगो लगा हुआ है, आम लोगों को व्हाट्सएप मैसेज कर रहा है। मैसेज में लिखा था कि भारत के प्रधानमंत्री इन कठिन परिस्थितियों में सभी भारतीयों को 15000 रुपये की मदद कर रहे हैं। आप भी नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर फॉर्म भरें और 15000 रुपये प्राप्त करें। व्हाट्सएप पर वायरल हो रही इस खबर के बाद आर्थिक अपराध इकाई एक्टिव हो गई और उक्त साइबर ठग की जानकारी जुटाने में लग गई। जिसके बाद इओयू के अधिकारियों ने वैशाली पुलिस के सहयोग से गोरौल थाना क्षेत्र से व्हाट्सएप मैसेज भेजने वाले साइबर ठग राजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपी वैशाली के सलेमपुर स्थित रामपुर गांव के रहने वाले राज लाल पासवान का बेटा है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच में पता चला है कि राजन इंटरमीडिएट उत्तीर्ण है। बिहार पुलिस में सिपाही परीक्षा के लिए आवेदन दिया है। अभियुक्त के घर की तलाशी ली जा रही है। ईयू बैंक खातों को भी पुलिस खंगालने में जुटी है।

You may have missed