September 27, 2026

राजद-कांग्रेस ने अतिपिछड़ों को अपमानित व दलितों को नरसंहारों की भेंट चढ़ाने का किया काम : सुशील मोदी

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि 1995 में लालू प्रसाद के पक्ष में बैलेट बॉक्स से निकलने वाला अतिपिछड़ों का ‘जिन्न’ उनकी प्रताड़ना से परेशान होकर 2005 के बाद पूरी तरह से एनडीए के पाले में आ गया। राजद-कांग्रेस के लोगों को 15 साल का मौका मिला तो अतिपिछड़ों को अपमानित व दलितों को नरसंहारों की भेंट चढ़ाने का काम किया।
उपमुख्यमंत्री ने पूछा कि राजद प्रमुख लालू यादव बतायें कि अपने 15 वर्षों के राज में अतिपिछड़ों, दलितों व महिलाओं को पंचायत चुनाव में आरक्षण क्यों नहीं दिया? एक ओर तो राजद-कांग्रेस ने 23 वर्षों तक पंचायत का चुनाव नहीं कराया, जब कराया तो इन वर्गों को आरक्षण से वंचित कर दिया। उन्होंने कहा कि जब 2005 में एनडीए की सरकार राज्य में बनी तो पंचायत चुनाव में एकल पदों पर मुखिया, प्रमुख, जिला परिषद अध्यक्षों व वार्ड सदस्यों के लिए अतिपिछड़ों को 20 फीसदी, दलितों को 17 और महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज इन वर्गों से हजारों जनप्रतिनिधि चुनकर आ रहे हैं। इसी प्रकार नौकरियों में जो आरक्षण की व्यवस्था है, वह कर्पूरी जी की उस सरकार की देन है, जिसमें भाजपा भी शामिल थी।
सुशील मोदी ने कहा कि अतिपिछड़ों की बेशुमार ताकत के बल पर ही लालू प्रसाद कभी जिन्न निकालने का दावा करते नहीं थकते थे, मगर चुनावी जीत के बाद उन्हें कभी उनके मान-सम्मान की सुध नहीं रही। लालू-राबड़ी राज में एक ओर जहां दलितों को गाजर-मूली की तरह काटा गया। वहीं अतिपिछड़ों को प्रताड़ित, अपमानित किया गया। उस दौर की प्रताड़ना और अपमान को स्वाभिमानी अतिपिछड़ा समाज कभी नहीं भूलेगा।

You may have missed