यहां जानिए कोरोना वायरस को लेकर नीतीश सरकार ने क्या-क्या लिए फैसले

पटना। कोरोना वायरस को लेकर हर कोई खौफजदा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर कोरोना को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। जिसमें कई एहतियान निर्णय लिए गए। बैठक के बाद मुख्य सचिव दीपक कुमार ने घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने कोरोना वायरस को लेकर राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, कोचिंग इंस्टीच्यूट, सभी सिनेमा हॉल, जू-पार्क सभी 31 मार्च तक बंद रखने का निर्णय लिया है। लेकिन सीबीएसई की परीक्षाएं जारी रहेंगी। वहीं सरकारी कर्मी भी अल्टरनेट तरीके से इस दौरान दफ्तर आएंगे, ताकि सरकारी दफ्तरों में भीड़ ना हो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस हाई लेवल मीटिंग में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित कई उच्चाधिकारी शामिल थे।
मुख्यमंत्री बोले-डरने की जरूरत नहीं: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर डरने की आवश्यकता नहीं है। सरकार पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने कहा कि सरकार के कदम एहतियातन और लोगों को जागरुक करने के लिए हैं। मोबाइल व अन्य संचार माध्यमों से लोगों को इसके बारे में जानकारी दी जा रही है। सरकार के स्तर पर जरूरी उपाय किए गए हैैं। बिहार में विदेश से आने वाले लोगों की पटना एवं बोधगया एयरपोर्ट पर सख्त स्क्रीनिंग भी की जा रही है। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा है कि उच्च स्तरीय बैठकों के जरिए लगातार हम हालात की समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को निर्देशित भी किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय सीमा और एयरपोर्ट पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को इससे ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है, इसे लेकर एहतियात बरतने की जरूरत है।
मीट-मुर्गे-मछली-अंडा पर रोक नहीं: मुख्य सचिव ने कहा कि नॉनवेज पर सरकार की तरफ से रोक को लेकर अभी कोई निर्देश नहीं है। अभी 31 मार्च तक के लिए ये फैसला लिया गया है और सोमवार को फिर इस पर फिर से समीक्षा की जाएगी। वहीं 14 मार्च को पटना में होने वाले ‘बिहार स्टार्टअप कॉन्क्लेव’ के कार्यक्रम को भी बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने रद कर दिया है।
नहीं मनाया जाएगा बिहार दिवस: मुख्य सचिव ने बताया कि कोरोना को खतरे को देखते हुए बिहार दिवस (22 मार्च) नहीं मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के आयोजन को लेकर नई तारीख का ऐलान बाद में किया जाएगा। इस दौरान किसी भी सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार के सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। स्कूल बंद रहने के दौरान मिड डे मील की राशि बच्चों के परिजनों के खाते में डाल दिए जाएंगे।
बिहार में किसी तरह का सरकारी आयोजन नहीं: इस दौरान राज्य में किसी भी तरह का कल्चरल आयोजन नहीं किया जाएगा। वहीं सभी स्वास्थ्य विभाग कर्मियों की सभी छुट्टियां रद कर दी हैं। पटना के पीएमसीएच के सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। म्यूजियम बंद रहेंगे। जनता के लिए दिशा निर्देश भी जारी किए जाएंगे।
बता दें कि बिहार में अब तक 60 से अधिक संदिग्धों की जांच हुई है, लेकिन किसी में भी मरीज में कोरोना के पॉजिटिव लक्षण नहीं मिले हैं।

You may have missed