मां पटनदेवी से आशीर्वाद लेंगे भाजपा अध्यक्ष नड्डा, यहां देखें मिनट-टू मिनट कार्यक्रम

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के 27 घंटे के बिहार दौरे की प्लानिंग अब अंतिम रूप से सामने आई है। उनके प्लानिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने का कोई समय तय नहीं किया गया है, हालांकि 12 सितंबर को मां पटनदेवी से आशीर्वाद लेने के बाद सीएम हाउस जाने की संभावना दिख रही है।
भाजपा की चल रही वर्चुअल रैली के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष 11 सितंबर की शाम पटना एयरपोर्ट पर उतरेंगे। पहले यह जानकारी आई थी कि वह एयरपोर्ट से सीधे मुख्यमंत्री आवास होते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यालय जाएंगे, लेकिन उनके बिहार आगमन को लेकर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय किए गए हैं, के अनुसार शाम 5:20 में एयरपोर्ट पर उतरने के बाद नड्डा सीधे प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे और छह बजे से चुनाव संचालन समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 11 सितंबर को प्रस्तावित डेढ़ घंटे की बैठक के बाद वह रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को सुबह 9 बजे नड्डा पटनदेवी का दर्शन करने के लिए पटना सिटी जाएंगे। वहां से लौटने के बाद 11:30 तक का समय आरक्षित रखा गया है। बताया जा रहा है कि नड्डा खाली पेट मंदिर जाएंगे और लौटकर नाश्ता नीतीश के साथ करेंगे। इसके बाद आत्मनिर्भर भारत अभियान का प्रदेश कार्यालय से शुभारंभ करेंगे। शनिवार को ही वे 1 बजे दरभंगा के लिए हेलीकॉप्टर से निकल जाएंगे। वह यहां मखाना अनुसंधान केंद्र पर मखाना एवं मछली उत्पादकों के साथ बैठक करेंगे और फिर यहीं से मुजफ्फरपुर में सरैया के मनीकपुर हाईस्कूल में हेलीपैड पर उतर किसान चाची पद्मश्री राजकुमारी देवी के गांव इब्राहिमपुर सड़क मार्ग से जाएंगे। यहां लीची कृषकों के साथ महिला किसानों की बैठक में रहेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से ही पटना पहुंचकर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के आवास पहुंचेंगे। उपमुख्यमंत्री के साथ वह फिर कोर कमिटी की बैठक करेंगे और रात 8 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
27 घंटे के इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा में हलचल तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर बैठक के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार में भाजपा-जदयू के साथ ही अन्य घटक दलों के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर भी विमर्श करेंगे। बता दें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद नड्डा 22 फरवरी को बिहार आए थे। तब उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी।

About Post Author

You may have missed