भाजपा ने माना- चिराग ने जदयू का किया नुकसान, जदयू अब आरपार के मूड में

पटना। बिहार चुनाव में चिराग पासवान द्वारा जदयू को दिया गया बड़ा झटका भाजपा-जदयू को कचोट रही है। हालांकि बिहार में राजग की सरकार एक बार फिर बन रही है। भाजपा पिछली बार के मुकाबले इस बार बेहतर प्रदर्शन करते हुए एनडीए में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, वहीं जदयू को सबसे अधिक झटका लगा है। जदयू इस बार 50 का आंकड़ा भी तय नहीं सकी। जदयू के इस आंकड़ा को थामने में लोजपा को बड़ा कारण माना जा रहा है। लोजपा इस चुनाव में खुद एक सीट पर जीत दर्ज कर पायी, लेकिन ऐसी कई सीटें रही जहां उसने जदयू को हराने में अहम भूमिका अदा की। इस बात को भाजपा के नेता भी मानते हैं। वहीं चिराग को लेकर जदयू अब आरपार के मूड में आ गई है।
चिराग की वजह से जदयू करीब 30 सीटों पर हार गयी
बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने माना कि चिराग ने जदयू को काफी नुकसान पहुंचाया है। सुशील मोदी ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि हमें 150 से 160 सीटें आएंगी, लेकिन चिराग पासवान की वजह से जदयू करीब 30 सीटों पर हार गयी। सुशील मोदी ने यह भी कहा है कि चिराग पासवान की वजह से एनडीए को भी सीटें कम आयी। हालांकि चिराग के भविष्य को लेकर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। चिराग एनडीए में रहेंगे या नहीं रहेंगे, इसे लेकर उन्होंने गेंद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के पाले में डाल दी।
चिराग को लेकर जदयू अब आरपार के मूड में
इधर, चिराग को लेकर जदयू अब आरपार के मूड में है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने चिराग पासवान पर हमला बोलते हुए हुए कहा कि उनकी हैसियत अब निर्दलीय जैसी हो चुकी है। वो लगातार भाजपा और जदयू के बीच संबंध खराब करने में लगे रहे, लेकिन सफल नहीं हुए। श्री सिंह ने कहा कि इस दौरान उनका नीतीश के साथ व्यक्तिगत संबंध भी मधुर नहीं रहा। मर्यादा का उन्होंने कई बार उल्लंघन किया है। एक सवाल के जबाव में वशिष्ठ ने कहा कि नीतीश फिर सीएम बनेंगे, इस पर सवाल की जरुरत क्या है।

You may have missed