September 27, 2026

भागलपुर : डीएम ने कोरोना से बचाव हेतु प्रशासनिक दिशा निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन करने का किया अनुरोध

भागलपुर। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने जिले में लगातार बढ़ रहे वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण व प्रकोप पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के बचाव हेतु शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का सभी लोग पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अनुपालन करें। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने जन सामान्य से अपील करते हुए कहा कि वे आवश्यकतानुसार ही घर से बाहर निकलें और जब बाहर निकलें तो मास्क-गमछा या दुपट्टा से अपने मुंह को ढक कर ही निकलें साथ ही सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन करते हुए 2 गज की दूरी बनाए रखें। भीड़-भाड़ लगाने या अधिक लोगों के बीच शामिल होने से परहेज करने की नसीहत देते हुए उन्होंने खासकर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों से अनुरोध किया कि फिलहाल वे ऐसा कोई कार्यक्रम न करें, जिससे सामाजिक या शारीरिक दूरी के नियमों का उलंघन होता हो। डीएम श्री कुमार ने सरकारी-गैर सरकारी संस्थान व अन्य प्रतिष्ठानों से भी उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु दिशानिर्देशों का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने निगम व पुलिस प्रशासन समेत अन्य कर्मियों को इस बात पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया कि किसी भी स्थान पर अधिक लोग इकट्ठा न होने पाए, साथ ही हर मुहल्ला-वार्ड, गली व मुख्य बाजारों में सेनिटाईजेशन, फॉगिंग के साथ-साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिये जाएं और इन कार्यों में लापरवाही या सुस्ती करने वालों के विरुद्ध उन्होंने सख्त कार्रवाई करने की बात कही।
उन्होंने प्रखंड व अंचल कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों को निर्देश जारी किया कि मनरेगा व अन्य माध्यमों से प्रवासी श्रमिकों व अन्य जरूरतमंदों को अधिक से अधिक रोजगार मुहैया कराए जाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही न बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की उन्होंने चेतावनी दी और कहा कि जब तक सरकारी व प्रशासनिक लोगों को सामाजिक सहयोग नहीं मिलेगा, तब तक इस वैश्विक महामारी कोरोना पर नियंत्रण संभव नहीं है।

You may have missed