बैठक : 15वें वित्त आयोग की राशि से ग्राम पंचायतों का होगा चहुंमुखी विकास
फतुहा। शुक्रवार को फतुहा प्रखंड परिसर में सभी पंचायत समिति के सदस्यों के साथ 15वें वित्त आयोग की मिलने वाली अनुदान राशि के खर्च को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख रेखा देवी ने किया। बैठक में मौजूद बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की मिलने वाली अनुदान राशि से प्रखंड के ग्राम पंचायतों में चहुंमुखी विकास होगा। इसके लिए कई योजनाओं पर अभी से ही काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मिलने वाली अनुदान राशि से ग्राम पंचायत में स्थित सार्वजनिक कुएं का जीर्णोद्धार, जल संग्रहण हेतु तालाबों का जीर्णोद्धार तथा सिंचाई क्षमता को बढ़ाने के लिए आहर व पईन का निर्माण कराया जाएगा। इतना ही नहीं, गांव के अंदर ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही आंगनबाड़ी, प्राथमिक विद्यालय व स्वास्थ्य उप केन्द्रों पर भी सुविधाएं बढ़ाए जाएंगे। पंचायत के अंदर अवस्थित सार्वजनिक भवन के दीर्घकालीन देखरेख की प्रबंध किए जाएंगे। उनके अनुसार, ग्राम पंचायत में ग्रामीण क्षेत्र में पलने वाले बच्चों के लिए खेल का मैदान भी विकसित करने की योजना है। संसाधन के स्रोत के खोज पर भी ध्यान दिया जाएगा। जहां जिला परिषद का क्षेत्र होगा, वहां आधारभूत संरचना का भी विकास किया जाएगा। बैठक के दौरान पंचायत समिति के उपाध्यक्ष राजेश कुमार भी मौजूद थे।


