बाढ़ नगर परिषद : निर्विरोध उप मुख्य पार्षद बने परमानंद सिंह, 27 में से 16 पार्षद रहे मौजूद

बाढ़। गुरूवार को अनुमंडल सभागार में हुए बाढ़ नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद (उपाध्यक्ष) के चुनाव में परमानंद सिंह को निर्विरोध रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इस दौरान अनुमंडल सभागार में गहमागहमी बनी रही। बता दें उप मुख्य पार्षद के पद से अनिल कुमार गुप्ता के हटने के बाद बिहार निर्वाचन आयोग ने चुनाव के लिए 4 फरवरी की तिथि निर्धारित की थी।
27 में से 16 पार्षद रहे उपस्थित
इस बाबत बाढ़ नगर परिषद के मुख्य पार्षद सह चेयरमैन राजीव कुमार ने बताया कि निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सुमित कुमार पर्यवेक्षक अरुण कुमार झा और एडिशनल एसडीओ मो. इमरान की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। बाढ़ नगर परिषद के 27 में से 16 पार्षद चुनाव के दौरान उपस्थित थे। चुनाव में उप मुख्य पार्षद पद के लिए एकमात्र नामांकन परमानंद सिंह के द्वारा किया गया था। इसलिए उनको निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
11 पार्षदों द्वारा लाया गया था अविश्वास प्रस्ताव
बता दें पिछले साल 30 दिसंबर को बाढ़ नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद अनिल कुमार गुप्ता के खिलाफ 11 पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। इन पार्षदों ने अनिल गुप्ता के प्रति अनास्था व्यक्त की थी। इसके बाद 11 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव के आलोक में चुनाव हुआ। इसमें अनिल कुमार गुप्ता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया और वे उप मुख्य पार्षद के पद से हट गए। उनके हटने के बाद उप मुख्य पार्षद के पद पर एक महीने के अंदर चुनाव संपन्न हो जाना चाहिए था।

About Post Author

You may have missed