फतुहा और बाढ़ में मतदाता जागरूकता दिवस मनायी गयी, दिलाई गई शपथ

फतुहा/बाढ़। सोमवार को फतुहा प्रखंड परिसर में मतदाता जागरूकता दिवस मनायी गयी। इस अवसर पर प्रखंड के बीडीओ मृत्युंजय कुमार व सीओ अनीता भारती ने मतदाताओं, बीएलओ तथा महिला कर्मियों को मतदान का प्रयोग करने तथा लोकतंत्र को मजबूत करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर लोगों को मतदान के महत्ता पर भी प्रकाश डाल कर समझाया गया। इस मौके पर शिक्षक कपिलदेव प्रसाद के साथ साथ सभी बीएलओ व प्रखंड कर्मी मौजूद थे।

वहीं बाढ़ अनुमंडल मुख्यालय सभागार में सोमवार को बाढ़ एसडीएम सुमित कुमार के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल अधिकारी के द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शांतिपूर्ण और विवादों से अक्षुण्ण मतदान संपन्न कराने की शपथ दिलाई गई। शपथ के उपरांत सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच एसडीएम सुमित कुमार ने लोकतंत्र में मतदान की महत्ता पर सारगर्भित संबोधन किया। कार्यक्रम में अनुमंडल भर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।