August 27, 2026

फतुहा : एसबीआई शाखा में लगी आग, मची अफरा-तफरी

फतुहा। बीते बुधवार की देर शाम फतुहा चौराहा स्थित एसबीआई शाखा के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एसबीआई शाखा के अंदर से धुआं व आग की लपटें दिखाई दी। आसपास के दुकानदारों द्वारा तत्काल फतुहा थाना को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष मनीष कुमार व एएसआई ललित विजय मिनी दमकल के साथ एसबीआई शाखा पहुंचे तथा गार्ड से बैंक का ताला खुलवाया। शाखा के अंदर बैंक प्रबंधक दीपक कुमार के चैंबर में आग लगी थी तथा उनके चैम्बर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण धू-धू कर जल रही थी। मिनी दमकलकर्मियों ने तत्काल आग पर काबू पाया। लेकिन बैंक शाखा प्रबंधक के चैम्बर में लगे गजट इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए थे, साथ ही चैम्बर के अंदर शाखा प्रबंधक के टेबुल पर रखे अन्य सामान भी जल गये थे। इसी दरम्यान बैंक की एक पीओ अधिकारी नेहा अग्रवाल सूचना पर बैंक पहुंची और निरीक्षण करने के बाद वह बैंक में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया।
नेहा अग्रवाल के मुताबिक, शाखा प्रबंधक दीपक कुमार चुनावी ड्यूटी पर हैं तथा उन्हें इस बात की जानकारी दे दी गई है। वहीं थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि बैंक को विशेष क्षति नहीं हुई है। शाखा प्रबंधक के आने पर ही विशेष जानकारी मिल पाएगी।

You may have missed