पटना में रिटायर्ड डीएसपी की बहू ने खुद को आग लगाकर की आत्महत्या

पटना। राजधानी पटना में रिटायर्ड डीएसपी की बहू ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना राजीव नगर थानांतर्गत रोड नंबर 17 में गुरुवार की देर रात हुई। बताया जाता है कि रिटायर्ड डीएसपी कृष्ण मोहन लाल की बहू प्रज्ञा देवी (28) ने खुद को आग लगाकर ली, अस्पताल ले जाने के दौरान प्रज्ञा ने दम तोड़ दिया। महिला के पति सुमित कुमार रांची में स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। तीन दिनों पहले ही वे पटना से रांची गये थे। इस घटना की खबर मिलने के बाद सुमित पटना पहुंच गये हैं। इधर, छानबीन में जुटी पुलिस ने महिला के शव को जब्त कर लिया है। उसे आईजीआईएमएस में सुरक्षित रख दिया गया है। प्रज्ञा के मायके वाले मुंबई में रहते हैं। राजीव नगर थानाध्यक्ष निशांत कुमार सिंह ने बताया कि तीन महीने पहले महिला के भाई की मुंबई में संदेहास्पद मौत हो गयी थी। उसी वक्त से वह डिप्रेशन में रहती थी। प्रथम दृष्टया डिप्रेशन के कारण महिला के आत्महत्या करने की बात सामने आयी है। प्रज्ञा और सुमित की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। दंपती को एक ढाई साल की बेटी और पांच महीने का बेटा है। परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था। इस घटना के बाद रिटायर्ड डीएसपी के परिवार में मातम पसरा है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि अचानक प्रज्ञा ने ऐसा कदम क्यों उठा लिया।
बताया जाता है कि प्रज्ञा, उसकी सास और दो बेटे गुरुवार को एक साथ सो रहे थे। देर रात तीन बजे सास की नींद खुली तो उन्होंने प्रज्ञा को बिस्तर पर नहीं देखा। शक होने पर सास ने आवाज लगायी तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे छत के ऊपर बने कमरे की ओर गयी तो भीतर से धुआं निकलते देखा। कमरे में झांकने के बाद पता चला कि महिला ने खुद को आग लगा ली है। दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने के दौरान ही प्रज्ञा ने दम तोड़ दिया।  पुलिस टीम ने प्रज्ञा के मुंबई में रहने वाले मायके वालों से बात की। राजीवनगर थानाध्यक्ष के मुताबिक महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर किसी तरह की प्रताड़ना का आरोप नहीं लगाया गया है। उनके पटना पहुंचने के बाद पुलिस मायके वालों का बयान लेगी।

About Post Author

You may have missed