September 21, 2026

नालंदा में शादीशुदा प्रेमिका के साथ पकड़ाया प्रेमी, पति ने दोनों को काट डाला

नालंदा। नालंदा के थरथरी थाना क्षेत्र के रूपन बीघा गांव में बुधवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना घटी है। घटना के बारे में जिसने सुना वह आवाक रह गया। प्रेमिका की शादी के कई सालों बाद भी प्रेमी वैलेंटाइन वीक में उससे मिलने प्रेमिका का ससुराल जा पहुंचा। दोनों को घर के अंदर कमरे में साथ देखकर पति का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उसने पत्नी व उसके प्रेमी की वहीं काटकर हत्या कर दी। इसके बाद पूरा परिवार दोनों के शवों को छोड़कर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार थरथरी थाना क्षेत्र के रूपन बीघा गांव के रहने वाले सबलू यादव की पत्नी रेखा देवी का निशांत के साथ शादी के पहले से ही प्रेम संबंध था। लेकिन परिवार वालों ने उसकी शादी सबलू से करा दी। 30 वर्षीया रेखा देवी की चार व तीन साल की दो संतानें भी हैं। इसके बाद भी दोनों का प्रेम संबंध यथावत चलता रहा। रेखा का मायका हिलसा थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में है। उसका प्रेमी भी उसी गांव का रहने वाला था। दोनों मौका निकाल कर गुपचुप मिलते रहते थे। वैलेंटाइन वीक में प्रेमी ने रेखा से मिलने की ठानी। बताया जाता है कि पति के नौकरी के सिलसिले में चेन्नई में रहने के कारण दोनों को मौका मिल गया। लेकिन बुधवार की सुबह अचानक ही पति चेन्नई से आ गया। इसी बीच निशांत अपनी प्रेमिका रेखा से मिलकर घर से निकलने ही वाला था कि सबलू व घरवालों की नजर उस पर पड़ गई। दोनों को साथ देख पति व ससुराल वालों ने आपा खो बैठा और दोनों को मार डाला। उसके बाद हत्या में प्रयुक्त फाबड़े को हत्यारों ने पीनी से धोकर छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने कमरे के पास से बरामद कर लिया है। वहीं रेखा एवं निशांत का शव घर के कमरे में जमीन पर पड़े मिले, शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद रेखा के पति समेत घर के सभी सदस्य फरार हैं। मृतक निशांत के पिता बिहार पुलिस में जवान हैं। निशांत भी आगामी तीन मार्च को नौकरी ज्वाइन करने वाला था।
इस संबंध में एसपी हरिप्रसाथ एस ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आॅनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक महिला के ससुराल वालों की तलाश में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

You may have missed