धन्यवाद मार्च निकाला, प्रखंड कर्मी गंभीर रुप से घायल

नागरिकता संशोधन बिल के समर्थन में निकाला धन्यवाद मार्च
फतुहा। रविवार को शहर में नागरिकता संशोधन बिल के समर्थन में प्रबुद्ध जन व सामाजिक कार्यकर्ता संघ के द्वारा धन्यवाद मार्च निकाला गया। यह मार्च स्टेशन रोड के कल्याण नाथ मंदिर से शुरू होकर चौराहा होते हुए गोविंदपुर बाजार तक गयी। इस मार्च के दौरान बिल के समर्थन में नारे भी लगाए गए तथा इस कार्य के लिए केन्द्र सरकार को धन्यवाद भी दिया। मार्च महारानी चौक पर एक सभा में तब्दील हो गई। सभा में कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस बिल के पास हो जाने से किसी भी धर्म व संप्रदाय को कोई नुकसान नहीं है बल्कि उनकी नागरिकता भारत में बिल्कुल सुरक्षित है। सामाजिक कार्यकर्ताओं में संजीव यादव, अरविंद यादव, रामजी प्रसाद, शोभा देवी, पारसनाथ यादव, राम तीर्थ कुमार, किरण गुप्ता, केशव कांत प्रसाद, अनिल शर्मा, राणा राजेंद्र पासवान, नवल किशोर पासवान, इंद्रजीत कुमार, सुधीर कुमार समेत कई लोग मौजूद थे।

सड़क दुर्घटना में दनियावां के प्रखंड कर्मी गंभीर रुप से घायल, रेफर
फतुहा। बीते शनिवार की अर्द्धरात्रि फोरलेन सुपनचक गांव के पास सड़क दुर्घटना में दनियावां के जेएसएच गंभीर रुप से घायल हो गए। सड़क पर घायल अवस्था में गिरे देख पुलिस ने उन्हें तत्काल पीएचसी में भर्ती कराया लेकिन वहां से उन्हें रात में ही पटना के लिए रेफर कर दिया गया। घायल प्रखंड कर्मी नालंदा जिले के विशुनपुर गांव निवासी निर्भयानंद कुमार है। बताया जाता है कि वे पटना सिटी से प्रकाश पर्व में अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक द्वारा दनियावां लौट रहे थे तभी किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से उनके बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में उनकी बांयी जांघ बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी है।

About Post Author

You may have missed