कुशवाहा को बड़ा झटका : रालोसपा के राष्ट्रीय महासचिव समेत 25 नेता ने छोड़ा साथ

पटना। बिहार चुनाव प्रचार के बीच में उपेन्द्र कुशवाहा को बड़ा झटका लगा है। रालोसपा के बसपा के साथ गठबंधन के ऐलान के साथ उनके दो करीबी नेता ने पहले ही साथ छोड़ दूसरे दल का दामन थाम लिया था और अब एक साथ 25 नेताओं ने उपेन्द्र कुशवाहा का साथ छोड़ भाजपा का दाम थाम लिया है। जिसमें रोलासपा के राष्ट्रीय महासचिव भी शामिल हैं।
रविवार को भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुशवाहा समेत दो दर्जन नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई। रालोसपा नेताओं के साथ ही सेवानिवृत्त डीएसपी वीके सिंह भी भाजपा में शामिल हुए। उनके अलावा भाजपा के पुराने नेता रहे संजय खंडेलवाल भी अपने पुराने घर लौट आए हैं।
मिलन समारोह के दौरान भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में जुटी हुई है। पूरे देश में लोग भाजपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग की सरकार बनने जा रही है। और रालोसपा नेताओं के पार्टी में आने से भाजपा की ताकत और बढ़ेगी। विकास तभी संभव है जब शांति हो, लेकिन कांग्रेस-राजद जैसी पार्टियां वामपंथियों के साथ मिलकर अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है। हालांकि जनता ऐसे लोगों के मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी।

About Post Author

You may have missed