कुदरत का करिश्मा : पटना में महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म, सभी स्वस्थ

पटना। बिहार में जारी लॉकडाउन के बीच पटना के सटे फुलवारीशरीफ में छपरा की एक महिला ने एक साथ चार स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है। बच्चों का वजन एक किलो से डेढ़ किलो के बीच है। इनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। उक्त महिला के पहले से दो बेटियां है।
मिली जानकारी के अनुसार फुलवारीशरीफ के समनपुरा, शकूर कॉलोनी स्थित शफा नर्सिंग होम में भर्ती की गई छपरा की एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। नर्सिंग होम की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नुजहत रहमान और उनकी टीम ने महिला का आॅपरेशन किया और एक-एक कर सभी बच्चों को सकुशल गर्भाशय से निकाला। डॉक्टर रहमान ने बताया कि दो दिन पहले ही ये महिला मेरे नर्सिंग होम में आई थी। पहले से मुझे इसकी हिस्ट्री नहीं पता थी क्योंकि यह मेरे इलाज में नहीं थी। मैंने इसका पूरा चेकअप किया और फिर इसे भर्ती कराया गया। इसके बाद जब लगा कि इसका आॅपरेशन कर बच्चों को निकालना होगा तो मैंने इन्हें बताया और फिर इस तरह एक साथ चार बच्चों का जन्म हुआ। डॉक्टर ने कहा कि करीब 20 साल की प्रैक्टिस में पहली बार ऐसा मैंने देखा है। इससे पहले एक महिला का आॅपरेशन किया था, उसने तीन बच्चों को जन्म दिया था। महिला व उसके चारों बच्चे स्वस्थ्य बताए जाते हैं। महिला ने बताया कि उसे पहले से दो बेटियां हैं। उसका पति सउदी अरब में रहता है।

About Post Author

You may have missed