अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस: महिलाओं पर बढ़ते अपराध को लेकर जतायी चिंता
पटना। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व संध्या पर प्रदेश राजद महिला प्रकोष्ठ ने गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में महिलाओं पर बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जतायी गई। आधी आबादी की आवाज बुलंद करने के लिए राजद की महिला नेत्रियों ने हर घर के चूल्हा चौका तक जाकर अपनी हिस्सेदारी और भागीदारी के लिए महिलाओं को जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष आभा लता ने कहा कि अब समय आ गया है कि सदन में महिलाओं को उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। आभा लता ने कहा कि दल की महिलाओं ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। आज महिलाएं जिस तरह से असुरक्षित हैं, ये चिंता का विषय है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। हम सरकार से मांग करते हैं कि आये दिन जिस तरह से बहु-बेटियों की अस्मत लूटने की घटना हो रही है। इस पर अविलंब रोक लगाये। गोष्ठी में महिला प्रकोष्ठ की ओर से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को बुके देकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सुभद्रा सिन्हा, सुनीता यादव, सेवा यादव, पिंकी राय, बबीता यादव, शोभा पासवान, भारती यादव, मुन्नी रजक, तारा देवी, प्रतिमा सिंह, पुष्पलता मुर्मू एवं रेखा चौधरी ने भी अपने उद्गार व्यक्त किये।


