BIHAR : JDU नेता के बंदूकबाज परिवार का वीडियो वायरल, महिलाओं ने भी दबाया ट्रीगर, एक गिरफ्तार

सहरसा। बिहार के सहरसा में एक बंदूकबाज परिवार का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। यह मामला सदर अनुमंडल के महिषी गांव का है। फायरिंग का वीडियो उपनयन संस्कार (जनेऊ) के मौके पर आयोजित होने वाले रस्मों के दौरान का बताया जाता है। उपनयन संस्कार युवा जदयू के जिलाध्यक्ष केशव चौधरी का कराया जा रहा है। वीडियो में वो खुद भी (पीली धोती-टीशर्ट में) फायरिंग करते दिख रहे हैं। वीडियो में पिता-पुत्र के साथ ही महिलाएं भी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करती दिख रही हैं। महिलाओं को तो बाकायदा बंदूक पकड़ाकर ट्रिगर दबवाया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सहरसा पुलिस ने एसपी के निर्देश पर युवा जदयू के जिलाध्यक्ष के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
बताय जाता है कि बीते शुक्रवार को आर्मी से सेवानिवृत्त पन्ना चौधरी के घर में उनके पुत्र केशव चौधरी (जदयू के जिला युवा अध्यक्ष) का उपनयन संस्कार था। हालांकि फायरिंग के यह वीडियो दो-तीन दिन पहले के हैं। इस दौरान क्या महिला, क्या पुरुष और क्या नौजवान, सभी बंदूक पर हाथ साफ करते दिखे। हिंदी-भोजपुरी गानों पर थिरकते हुए फायरिंग का मजा लूटते रहे। बंदूक चलाने में महिलाएं भी पीछे नहीं रही, उन्होंने भी हिस्सा लिया। जश्न के माहौल में लोग इतना मदमस्त हो गए कि कोरोना संक्रमण को ही भूल गये थे।
इधर, वीडियो वायरल होते ही सहरसा पुलिस हरकत में आई और एसपी के निर्देश पर आर्मी से सेवानिवृत्त पन्ना चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उनके लाइसेंसी बंदूक को 15 जिंदा कारतूस एवं 35 खोखा के साथ जब्त कर लिया गया है। महिषी थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि उक्त वीडियो मेरे पास नहीं आया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक हुआ तो अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।

About Post Author