हत्या की घटनाओं के विरोध में व्यापारियों ने किया पटनासिटी बंद, विपक्षी पार्टियों ने भी किया प्रदर्शन

पटना। पटना सिटी इलाके में हत्या की कई घटनाओं के विरोध में सोमवार को व्यापार सिटी मंडल संगठन के आह्वान पर गायघाट से लेकर मारूफगंज पटना सिटी का इलाका बंद रहा। व्यापारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से हमारे व्यापार में नुकसान हो रहा है। पिछले सप्ताह भी दो दिन दुकान बंद रखे थे। आज भी बंद रखा है। पटना सिटी में घटनाएं इतनी हो रही है कि अब तो दुकान से घर और घर से दुकान आने जाने में भी डर लगता है। हमारे कई साथी व्यापारियों की हत्या हो गई है। उन्होंने कहा, हमारे इलाके में पिछले तीन दिन में तीन हत्या हो गई है। हम लोगों को समझ नहीं आ रहा कि ये क्या हो रहा है। पता नहीं चल रहा कि कब किसके साथ क्या हो जाए। दिनदहाड़े राह चलते अपराधी गोली मार दे रहे हैं। सरकार हमारे लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठा रही और न ही पुलिस प्रशासन कोई पेट्रोलिंग करती है।


व्यापारियों के समर्थन में विपक्षी पार्टियों का प्रदर्शन
व्यापारियों के बंदी को समर्थन देने बिहार की तमाम विपक्षी पार्टियां भी पहुंची और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बीच सड़क पर आगजनी भी की गई। इस दौरान जब जाप के नेता सड़कों पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे थे तो पुलिस और उनके बीच खूब नोक-झोंक हुई। जाप के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा ने पुलिस प्रशासन को कहा, तुम लोग अपराधी तो पकड़ नहीं पाते हो चूड़ी पहन लो। पटना सिटी में आये दिन हत्याएं हो रही हैं। सरकार चैन की नींद सो रही है। व्यापारियों को सुरक्षा दी जाए, ये हमारी पार्टी की मांग है।
कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग
वहीं पटनासिटी और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बंद का समर्थन किया। पूर्व कांग्रेस उपाध्यक्ष और एआईसीसी सदस्य प्रवीण कुशवाहा ने बंद का नेतृत्व किया। वहीं आम लोगों का भी बंद का समर्थन मिला। बंद के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर आगजनी और प्रशासन एवं सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। श्री कुशवाहा ने कहा कि पटना सिटी इलाके में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है। उन्होंने हत्या की घटनाओं को लेकर प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की, साथ ही यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने में असमर्थ सरकार को अपनी नैतिक जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और उन्हें सजा दिलाने की मांग की।

About Post Author

You may have missed