नाटक “आपकी प्रार्थना कतार में है” का सफल मंचन
पटना। गुरुग्राम के “रंग परिवर्तन स्टूडियो थिएटर” में नाटक “आपकी प्रार्थना कतार में है” का सफल और प्रभावपूर्ण मंचन हुआ। हरिंदर राणावत के लिखे इस नाटक का निर्देशन देश के विख्यात और शीर्ष रंग निर्देशकों में शुमार महेश वशिष्ठ ने किया। रंग परिवर्तन की इस प्रस्तुति में नाटक की कथावस्तु को बेहद सशक्त ढंग से पेश किया गया। नाटक का ताना-बाना इस भाव के इर्द-गिर्द बुना गया है कि – ईश्वर, अल्लाह, जीसस और वाहेगुरु – कई नामों से पुकारे जाने वाली उस असीम शक्ति के प्रति बाहरी प्रार्थना-पाठ एक सीमा तक ही उचित हैं क्योंकि जीवन का मर्म और वास्तविक जीवनसत्य दूसरों का दुख-दर्द बांटने और उन्हें खुशी प्रदान करने में ही है। महेश वशिष्ठ के अप्रतिम निर्देशन, सभी कलाकारों के बेजोड़ अभिनय, प्रभावपूर्ण मंच-सज्जा और असरदार संगीत व्यवस्था ने प्रस्तुति को यादगार बना दिया। नाटक की कथावस्तु विकल और समृद्धि पर केंद्रित है। ऑफिस के काम की वजह से प्रार्थना तक करने का समय नहीं निकल पाने वाला विकल इसके लिए एक प्रार्थना कंपनी की सेवाएं लेता है। यह कंपनी लोगों के लिए उनकी तरफ से प्रार्थना करती है। इस दौरान क्या कुछ घटित होता है, नाटक इसे रोचक, मर्मस्पर्शी और प्रभावपूर्ण तरीके से व्यक्त करता है। पूरी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों की मुक्त-हृदय से की जारी रही करतल ध्वनि इसका प्रमाण रही। अमित शर्मा (विकल), शिवांगी दुआ (समृद्धि), कल्पना (आरती) यश कौशिक (अधिकारी), विकास (लॉटरीवाला), प्रीति (रोबोट व वृद्ध महिला) गोपाल व मयंक (अन्य लोग) ने अपनी-अपनी भूमिका को बेहद प्रभावपूर्ण तरीके से निभाया। संगीत व्यवस्था यश कौशिक, सेट्स अमित, विकास और प्रकाश व्यवस्था मयंक व शेखर की थी।


