November 23, 2026

बेतिया के सेनको गोल्ड लूटकांड में वैशाली कनेक्शन! महनार से हिरासत,सोना लुटेरा सुबोध सिंह-मनीष सिंह के बाद अब देवघर जेल में बंद कुख्यात अनु सिंह गिरोह एसआईटी के रडार पर..

>>हाजीपुर से जयपुर तक ज्वेलरी शोरूम लूटने वाले गिरोहों की पड़ताल में जुटी एसटीएफ, मास्टरमाइंड समेत पांच अपराधियों के वैशाली के होने की सूचना

पटना।(अमृतवर्षा ब्यूरो)।बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में दिनदहाड़े हुई करीब 35 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषणों की सनसनीखेज लूट का नेटवर्क अब वैशाली से जुड़ता दिखाई दे रहा है। इस बहुचर्चित लूटकांड में मास्टरमाइंड समेत आठ अपराधियों में से पांच के वैशाली जिले के रहने वाले होने की जानकारी सामने आ रही है। बिहार एसटीएफ और बेतिया पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे अंतरजिला और अंतरराज्यीय सोना लुटेरा गिरोहों की भूमिका की पड़ताल तेज होती जा रही है।

इस बीच, इस पूरे मामले में एक और कुख्यात गिरोह का नाम चर्चा में आने लगा है। हाजीपुर से लेकर जयपुर तक ज्वेलरी शोरूम में सोना लूट की कई बड़ी वारदातों के लिए कुख्यात देवघर जेल में बंद अनु सिंह उर्फ राहुल सिंह गिरोह पर भी बेतिया लूटकांड में संलिप्तता का शक गहराता जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ इस गिरोह के नेटवर्क और बेतिया की वारदात से उसके संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही है। यहां तक कि देवघर जेल में बंद गिरोह के सरगना से भी पूछताछ किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

महनार के पासवान टोला में एसटीएफ की छापेमारी, दो परिजनों को हिरासत में लिया

बुधवार की रात बिहार एसटीएफ की टीम ने वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इस लूटकांड के कथित मास्टरमाइंड समेत दो संदिग्ध अपराधियों के परिजनों को हिरासत में लिया। कार्रवाई हसनपुर उत्तरी पंचायत के पासवान टोला में की गई। एसटीएफ के साथ महनार थाने की पुलिस भी मौजूद थी। दोनों को पूछताछ के लिए बेतिया पुलिस अपने साथ ले गई।

सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में एक संदिग्ध के पिता और दूसरे संदिग्ध का भाई शामिल हैं। इसके अलावा बेतिया में भी दो लोगों को पकड़े जाने की सूचना है। वैशाली और समस्तीपुर जिले के विभिन्न इलाकों से अब तक चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए पुराने और अनुभवी अपराधियों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हुआ था। इसी आधार पर हाजीपुर, महनार, जंदाहा, लालगंज, भगवानपुर और महुआ समेत कई इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

20 मिनट में 35 करोड़ के गहने समेटकर फरार हुए थे आठ अपराधी

18 नवंबर 2026 को बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर करीब 35 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण और नकदी लूट ली थी।

बताया जाता है कि आठ अपराधी हथियारों से लैस होकर शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद महज 20 मिनट के भीतर बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण समेटकर सभी अपराधी फरार हो गए। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

घटना के बाद से ही बेतिया पुलिस और एसटीएफ की टीमें सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी हैं। शुरुआती जांच में वैशाली और समस्तीपुर के अपराधियों की संलिप्तता के संकेत मिलने के बाद दोनों जिलों में छापेमारी शुरू की गई।

सुबोध सिंह और मनीष गैंग के बाद अब अनु सिंह उर्फ राहुल सिंह का नेटवर्क जांच के घेरे में

वैशाली का नाम बिहार में सोना लूट की बड़ी वारदातों के साथ लंबे समय से जुड़ता रहा है। जिले के कुछ कुख्यात गिरोहों का नेटवर्क बिहार से बाहर भी सक्रिय रहा है। सुबोध सिंह और मनीष कुमार गिरोह के नाम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में हुई बड़ी लूट की घटनाओं की जांच में सामने आ चुके हैं।

अब इसी कड़ी में देवघर जेल में बंद अनु सिंह उर्फ राहुल सिंह गिरोह का नाम भी चर्चा में है। सूत्रों के मुताबिक, हाजीपुर से लेकर जयपुर तक कई शहरों में ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाने वाली वारदातों में इस गिरोह के सदस्यों की भूमिका की पड़ताल होती रही है।

गिरोह का कथित सरगना अनु सिंह उर्फ राहुल सिंह फिलहाल एक बड़ी बैंक लूट की वारदात के सिलसिले में देवघर जेल में बंद बताया जाता है। उसके खिलाफ सोना लूट के कई मामले लंबित होने की जानकारी भी सामने आई है। वह हाजीपुर जेल में हुई एक हत्या के मामले में भी मुख्य अभियुक्त बताया जाता है।

सबसे गंभीर पहलू यह है कि जेल में बंद रहने के बावजूद उसके गिरोह का नेटवर्क बाहर सक्रिय रहने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों का दावा है कि गिरोह के अन्य सदस्य उसके संपर्क और निर्देशों के आधार पर अलग-अलग शहरों में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते रहे हैं। हालांकि, बेतिया सेनको लूटकांड में इस गिरोह की प्रत्यक्ष भूमिका अभी जांच का विषय है।

सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ इस गिरोह के सदस्यों, उनके पुराने संपर्कों और बेतिया लूटकांड में सामने आए संदिग्धों के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है। जरूरत पड़ने पर देवघर कारा में बंद अनु सिंह उर्फ राहुल सिंह से भी पूछताछ की जा सकती है।

देश के कई राज्यों तक फैला है वैशाली के सोना लुटेरा गिरोहों का नेटवर्क

वैशाली के अपराधियों का नाम देश के कई बड़े सोना लूटकांडों में सामने आता रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन गिरोहों की कार्यशैली काफी संगठित होती है। पहले शोरूम या फाइनेंस कंपनी की रेकी की जाती है। इसके बाद हथियार, वाहन और स्थानीय मदद की व्यवस्था होती है। वारदात के बाद लूटे गए सोने को गलाकर उसकी पहचान मिटाने और अलग-अलग माध्यमों से बेचने की कोशिश की जाती है।

आरा (भोजपुर) के तनिष्क शोरूम में करीब 25 करोड़ रुपये की लूट और मणप्पुरम गोल्ड लोन से लगभग 15 किलो सोना लूटने की घटना की जांच में भी वैशाली के अपराधियों का कनेक्शन सामने आया था। मुजफ्फरपुर के मुथूट फाइनेंस से करीब 32 किलो सोना लूटने की वारदात में भी वैशाली के अपराधियों की संलिप्तता की बात सामने आई थी।

समस्तीपुर के अनिल ज्वेलर्स में करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण लूटकांड का मुख्य आरोपी राजनंदन उर्फ छोटू भी वैशाली का रहने वाला बताया जाता है। वहीं पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में करीब 21 किलो 750 ग्राम सोना लूटने की वारदात में भी वैशाली के मनीष और सुबोध सिंह गिरोह का नाम सामने आया था।

हाजीपुर स्थित मुथूट फाइनेंस से 55 किलो से अधिक सोना लूटने की बड़ी वारदात में भी स्थानीय गिरोह की भूमिका सामने आई थी। इसके अतिरिक्त झारखंड के रांची और आसपास के इलाकों में हुई सोना लूट की घटनाओं में भी वैशाली के अंतरराज्यीय गिरोहों के सदस्यों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

अब जांच के केंद्र में तीन बड़े सवाल

बेतिया के सेनको गोल्ड लूटकांड की जांच अब कई स्तरों पर आगे बढ़ रही है। पहला सवाल यह है कि क्या इस वारदात का मास्टरमाइंड वास्तव में वैशाली के महनार इलाके से जुड़ा है? दूसरा सवाल यह है कि क्या सुबोध सिंह और मनीष गिरोह के पुराने नेटवर्क के सदस्य इस वारदात में शामिल थे? और तीसरा सवाल यह है कि क्या देवघर जेल में बंद अनु सिंह उर्फ राहुल सिंह के गिरोह का भी इस लूटकांड से कोई सीधा या अप्रत्यक्ष संपर्क है?

फिलहाल एसटीएफ और बेतिया पुलिस की टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही लूटे गए करोड़ों रुपये के आभूषणों तथा वारदात में शामिल सभी अपराधियों के बारे में तस्वीर साफ हो सकेगी।

बेतिया की इस बड़ी वारदात ने एक बार फिर बिहार के अंतरराज्यीय सोना लुटेरा गिरोहों के नेटवर्क को जांच के केंद्र में ला दिया है। अब देखना होगा कि जांच की अगली कड़ी महनार से आगे बढ़कर देवघर जेल तक पहुंचती है या नहीं।

You may have missed