मां दुर्गा के रंग में रंगेगा थावे जंक्शन, नवरात्र तक पूरा होगा काम

पूर्वोत्तर रेलवे का थावे जंक्शन पर चारों ओर मां दुर्गा की ही छवि दिखेगी और जंक्शन के चारों ओर दिवार पर मां दुर्गा के चित्र को लगाने का कार्य तेजी से प्रारंभ हो चुका है।
गोपालगंज: पूर्वोत्तर रेलवे का थावे जंक्शन पर चारों ओर मां दुर्गा की ही छवि दिखेगी। जंक्शन के चारों ओर दिवार पर मां दुर्गा के चित्र को लगाने का कार्य तेजी से प्रारंभ हो गया है। शारदीय नवरात्र के प्रारंभ होने तक यह कार्य पूर्ण होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। जीर्णोद्धार के साथ ही जंक्शन को नए स्वरूप में ढालने के कार्य पर करीब 70 लाख की राशि खर्च होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया गया कि रेलवे ने थावे जंक्शन पर चारों ओर मां दुर्गा के सभी नौ स्वरूपों कर आकृति बनाने का निर्देश दिया था। प्रारंभ में इस आदेश के बावजूद कार्य प्रारंभ होने में देरी हो रही थी लेकिन शारदीय नवरात्र समीप आने के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के थावे जंक्शन के बाहर और भीतर माता के स्वरूप देने के लिए दीवारों पर आकृति बनाने का कार्य तेजी से प्रारंभ कर दिया गया। इसके तहत जंक्शन के दीवारों को माता के सभी नौ स्वरूप को लगाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। थावे स्टेशन पर हो रहे निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य से स्थानीय लोग भी खुश हैं। वहीं नये स्वरूप में थावे जंक्शन के बनकर तैयार होने के बाद माता की नगरी में आने के लिए जंक्शन पर उतरते ही यहां की छवि यात्रियों के मन को मोह लेगी। ज्ञातव्य है कि ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में प्रत्येक वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु रेल मार्ग से थावे दुर्गा मंदिर में पूजा करने के लिये पहुंचते हैं। इसके लिये रेल विभाग की ओर से जारी नक्शे के अनुसार जंक्शन की बाहरी व भीतरी दिवार पर समान रूप से मां दुर्गा की आकृति बनायी जायेगी तथा जंक्शन के सौंदर्यीकरण केअभियान में करीब 70 लाख की राशि खर्च की जायेगी।

About Post Author