September 19, 2026

समस्तीपुर के मुसरीघरारी में मिला किशोर का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका

समस्तीपुर । जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शनिवार को किशोर का शव मिला। मृतक की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के नरघोघी गांव के देवन दास के बेटे सुधीर कुमार (13) के रूप में हुई है।

बता दें कि सुधीर अपनी बहन से मिलने सलेमपुर गांव आया था, जो शुक्रवार की शाम से ही लापता था। शनिवार की सुबह उसका शव घर से 100 मीटर पीछे बांसबारी में मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने किशोर की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है।

उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची स्थानीय थाना की पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। वहीं घटना को लेकर मृतक के परिजन द्वारा अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है।

घटना को लेकर किशोर की बहन करुणा कुमारी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में उसका भाई आया था। शाम पांच बजे खाना बनाने गए उसी समय से वह गायब था। शनिवार की सुबह उसका शव मिला है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने किशोर के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजने की तैयारी कर रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed