September 19, 2026

PATNA : कंकड़बाग में निगम के सुपरवाइजर को अज्ञात वाहन ने कुचला, सफाईकमियों ने शव के साथ किया प्रदर्शन

फुलवारी शरीफ (अजीत)। पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 45 के सुपरवाइजर अक्षय कुमार (42 वर्ष) को रात के पहर में काम के दौरान बेलगाम रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। पटना नगर निगम के सफाईकर्मी की इस हादसे में मौत हो गई। सफाईकर्मी की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के घर खबर मिलते ही पत्नी और चार छोटे बच्चों का रो रोकर बुरा हाल होने लगा।


वहीं आज सुबह में बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने मृतक के शव को कंकड़बाग अंचल के निगम कार्यालय के सामने रखकर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान वार्ड नंबर 32 के पार्षद पिंकी देवी और समाजसेवी सुजीत कुमार भी वहां पहुंचे। निगम के अधिकारियों के साथ परिजनों की वार्ता कराने के बाद मृतक के परिवार को मुआवजा और नियमानुसार अन्य सहायता दिलाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया गया।
बताया जाता है कि मृतक सफाई कर्मी अक्षय कुमार गुप्ता अपनी पत्नी और बाल बच्चों के साथ महात्मा गांधी नगर रोड में डेंटल कॉलेज के पीछे किराए के मकान में रहता था। मृतक मूल रूप से सिवान का रहने वाला बताया जाता है।

You may have missed