बक्सर : गंगा नदी में एकसाथ 5 शवों के मिलने से मची सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस

बक्सर। बिहार के बक्सर में गंगा में एक साथ पांच शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक साथ पांच शवों के मिलने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। पांचों शव बक्सर के बाबा घाट से बरामद हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है। एक साथ पांच लोगों के शव गंगा नदी से मिलने की खबर इलाके में फैलते ही लोगों की भारी भीड़ गंगा घाट पर जमा हो गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह जब लोग टहलने के लिए गंगा घाट की तरफ गए तो एक साथ पांच शवों को देखकर उनके होश उड़ गए।

वही स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सभी शवों को गंगा से बाहर निकला। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतकों में एक महिला जबकि चार पुरुष शामिल हैं। गंगा में एक साथ पांच शव कहां से आए यह अभी पहेली बनी हुई है। बता दें कि पिछले साल कोरोना के समय मई महीने में महादेवा घाट पर गंगा से एक साथ कई शव मिलने से हड़कंप मच गया था।

About Post Author