सकारात्मक सोच से ही बनता है प्रभावी संगठन : आरसीपी सिंह

  • जदयू प्रखंड अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ

पटना। जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में शनिवार को जदयू के प्रखंड अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू हुआ। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने किया। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि संचालन प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने किया।
सभी की मदद करने की दृढ़ इच्छाशक्ति होनी चाहिए
राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सकारात्मक सोच से ही प्रभावी संगठन बनता है। सकारात्मक सोच के साथ ही सभी की मदद करने की दृढ़ इच्छाशक्ति होनी चाहिए। आप जिस भी पद पर जाएं, अपने पावर को शेयर करें। इससे आपकी ताकत बढ़ेगी। जदयू के हर कार्यकर्ता की पहचान उसके कार्यों से हो। वे ये न भूलें कि उनकी पहचान से पार्टी की पहचान जुड़ी है। उन्होंने कहा कि हमें इस बात का फक्र होना चाहिए कि जदयू का कोई कार्यकर्ता किसी कार्यालय में गलत कार्य के लिए नहीं जाता। श्री सिंह ने प्रखंड अध्यक्षों से कहा कि प्रखंड स्तर पर ऐसी कमिटी का गठन करें, जिसका हर सदस्य संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और ईमानदारी रखता हो। आप यह सुनिश्चित करें कि बूथ पर पार्टी की मजबूत उपस्थिति हो, क्योंकि जिस पार्टी का संगठन बूथ पर मजबूत होता है वही पार्टी वास्तव में मजबूत होती है।
सांगठनिक गतिविधियों को असरदार बनाने के लिए ऐप
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि हमें संगठन विस्तार के साथ ही सामाजिक सरोकार का ध्यान भी रखना है। संगठन को अधिक से अधिक कारगर बनाने के लिए उसके ढांचे में जरूरी बदलाव साथ ही उसे नई तकनीक से भी जोड़ने का काम हो रहा है। सांगठनिक गतिविधियों को असरदार बनाने के लिए पार्टी के मीडिया सेल द्वारा एक ऐप बनाया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही लांच किया जाएगा।
विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण
इससे पहले कार्यक्रम में सर्वप्रथम उमेश सिंह कुशवाहा ने स्वागत-संबोधन किया। कार्यक्रम के पहले दिन विधानपार्षद प्रो. रामवचन राय ने व्यवहारिक समाजवाद, विधानपार्षद ललन सर्राफ ने मोटिवेशन एवं मार्गदर्शन, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह ने कार्य-प्रणाली, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने नेतृत्व विकास, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने सोशल मीडिया, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य ने संस्कृति और समाजवाद, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार ने प्रभावकारी कार्यशैली, प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह ने समय प्रबंधन एवं लोक व्यवहार, मोटिवेशनल स्पीकर मनीष बरियार ने नेतृत्व-सफलता की ओर बढ़ते कदम, आरआर कल्याण ने सामुदायिक संवाद तथा गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति, राजघाट से जुड़े अतुल प्रियदर्शी ने अहिंसक संचार विषय पर प्रशिक्षण दिया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी तथा महासचिव परमहंस कुमार, डॉ. विपिन कुमार यादव, कामाख्या नारायण सिंह, अरुण कुशवाहा, अशोक कुमार बादल, आसिफ कमाल एवं रामगुलाम राम इस दौरान उपस्थित रहे।

About Post Author

You may have missed