देश में सावन की पूर्णिमा आज, उदयतिथि में रक्षाबंधन 12 को

पटना। सावन पूर्णिमा गुरुवार सुबह 9.35 बजे से शुरू हो रही है। हालांकि भद्रा काल रहने के चलते ज्यादातर लोग राखी का त्योहार शुक्रवार यानी 12 अगस्त को मनाएंगे। मिथिला और बनारस पंचांग के जानकार रक्षाबंधन उदयातिथि 12 अगस्त शुक्रवार को ही मनाने को लेकर एकमत हैं। बनारस पंचांग के अनुसार, 11 अगस्त को भद्रा लगने के कारण 12 अगस्त को उदयातिथि में रक्षाबंधन का त्योहार मनाना श्रेयस्कर होगा। जबकि मिथिला पंचांग के अनुसार गुरुवार 11 अगस्त सुबह 9.42 बजे से पूर्णिमा चढ़ने के साथ ही भद्रा शुरू हो रहा है, जो रात 8.25 बजे समाप्त होगा। भद्रा काल में रक्षा सूत्र नहीं बांधा जा सकता है। इसलिए उदयातिथि में राखी बांधना ज्यादा शुभ है। यह माना गया हैं की सूर्य जब कर्क राशि में होते हैं तो भद्रा का पृथ्वी पर विशेष प्रभाव पड़ता है। इसलिए भद्रा में शुभ कार्य वर्जित है।
बहनें दोपहर तक बांधेंगी राखी
जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन का सबसे बढ़िया मुहूर्त 12 अगस्त को सूर्योदय से लेकर सुबह 7.24 बजे तक है। ऐसे 10.16 बजे तक राखी का बढ़िया मुहूर्त हैं। इसके बाद 11.54 बजे से दोपहर 1.32 बजे दोपहर तक राखी बंधवाना ज्यादा शुभ है। वही यदि दिन में शुभता मिल रही हो तो रात के शुभ मुहूर्त का उपयोग नहीं करना चाहिए। शुक्रवार 12 अगस्त को सूर्योदय के बाद शुभता मिल रही है।
देवता को चढ़ाएं रक्षासूत्र, दिन में बांधे राखी
रक्षाबंधन के लिए राखियों को पहले देवता को चढ़ाना चाहिए। राखी के शुभ मुहूर्त का ध्यान रखते हुए बहनों को 12 अगस्त को शुभ मुहूर्त में रक्षासूत्र को देवता पर चढ़ा देना चाहिए। बाद में भाई की कलाई पर इस सूत्र को दिन में भी बांधा जा सकता है। यह व्यवस्था उन बहनों के लिए है, जिनके भाई शुभ मुहूर्त में बहन के पास नहीं पहुंच पा रहे।
पटना के स्कूलों में 12 अगस्त को होगी रक्षाबंधन की छुट्टी
वही राजधानी पटना के स्कूलों में रक्षाबंधन की छुट्टी 12 अगस्त को होगी। पटना जिला शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन की छुट्टी सभी सरकारी स्कूलों में 12 अगस्त को की जाएगी। निजी स्कूलों ने भी 12 अगस्त को ही रक्षाबंधन की छुट्टी की घोषणा की है। ज्ञात हो कि कई निजी स्कूलों ने पहले 11 अगस्त को रक्षाबंधन की छुट्टी की घोषणा की थी।
12 अगस्त को रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त
सूर्योदय से सुबह 10.16 बजे तक और 11.54 बजे सुबह से लेकर दोपहर 1.32 बजे तक

About Post Author

You may have missed