बिहार-झारखंड में मानसून के आगमन से बदला मौसम का मिजाज, पटना में कल से बारिश का पूर्वानुमान

पटना। भीषण गर्मी और लू से परेशान बिहार-झारखंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में मॉनसून पहुंच गया है जबकि पटना समेत पुरे बिहार में मंगलवार से बारिश शुरू होने की संभावना है। झारखंड के संताल में साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका में मॉनसून सक्रिय हो गया है। साथ ही जामताड़ा और देवघर के कुछ इलाकों में भी बारिश शुरू हो गई है। 21 से 23 जून के बीच पूरे झारखंड में बारिश होने की संभावना है। वहीं बिहार की बात करें तो मॉनसून अभी मालदा और फारबिसगंज के आसपास है। साथ ही उत्तर पूर्व बिहार और उसके आसपास चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना है, जिससे सीमांचल में मानसून सक्रिय हैं।21, 22 और 23 जून को पटना समेत दक्षिण बिहार में बारिश होने की संभावना जताई है। संभावना है कि एक से दो दिनों के भीतर पूरे राज्य के मौसम में बदलाव नजर आएगा। इस बार मॉनसून ने एक सप्ताह की देरी से केरल में दस्तक दी थी। इसके बाद बिहार में मानसून की एंट्री हुई लेकिन एंट्री के साथ ही मानसून कमजोर पड़ गया और सीमांचल के कुछ जिलों को छोड़ दें तो अभी तक अन्य जिलों में मानसून सक्रिय नहीं हो सका है। हालांकि पिछले कुछ घंटों में गर्मी से राहत जरूर मिली है। संभावना है कि अगले एक दो दिनों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो सकता है।

About Post Author