नीतीश की यात्रा से जनता का समाधान नहीं हो रहा क्योंकि राज्य में अधिकारी निरंकुश बने हुए हैं : शिवानंद तिवारी

  • सुधाकर सिंह के बाद अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने मुख्यमंत्री पर बयान देकर बढ़ाई तेजस्वी की टेंशन

पटना। बिहार में आरजेडी और जेडीयू में खटपट जारी है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की चेतावनी के बावजूद आरजेडी के विधायक और नेता सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोलने से नहीं कतरा रहे हैं। अब आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने नीतीश की समाधान यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सीएम की यात्रा में आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इससे पहले आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह और विजय मंडल भी नीतीश पर हमला बोल चुके हैं। आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा में आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। जिलों के अधिकारी कुछ चिह्नित स्थानों को दिखाते हैं, जो पहले से तय होता है। ये चुनाव का वर्ष है, जनता की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। सरकारी दफ्तरों में लोगों का काम कैसे आसानी से हो ये सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अधिकारियों के भरोसे नहीं रहना चाहिए। शिवानंद ने कहा कि उन्होंने जीवनभर लालू, नीतीश और रामविलास के साथ कंधा से कंधा मिलाया है, ठेहा लगाया है। ऐसे में उनके राजनीतिक और नैतिक फर्ज को निभाने का उन्हें अधिकार है और गलत को गलत बोलने का भी अधिकार है। बिहार गांधी, जेपी, और लोहिया की भूमि है, यह भाजपाइयों के हाथों में चला जाए यह वे संभव नहीं होने दे सकते हैं।

इसके पहले आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और नीतीश सरकार में कृषि मंत्री रह चुके सुधाकर सिंह लगातार सीएम नीतीश की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री की तुलना महाभारत के किरदार शिखंडी से कर दी थी। इस पर जेडीयू और आरजेडी नेताओं के बीच तकरार देखने को मिली। जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और एमएलसी संजय सिंह ने आपत्ति जताई। वही इसको लेकर सुधाकर सिंह के विवाद को गहराते देख डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी के बड़बोले नेताओं को चेतावनी दी। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार महागठबंधन के नेता हैं। उन्होंने सुधाकर सिंह को भी चुप रहने और नहीं तो कार्रवाई झेलने की चेतावनी दी थी। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की सहयोगी आरजेडी के विधायक विजय मंडल ने भी नीतीश कुमार की आलोचना की है।

About Post Author