राजद कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज: कई ज़ख़्मी, वाटर कैनन प्रयोग कर भीड़ को भगाया

पटना। पटना में गुरुवार को आरजेडी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी सेविकाओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। हटाने के लिए पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद पुलिस ने खदेड़ना शुरू किया। वाटर कैनन के इस्तेमाल के दौरान एक पोल में करंट भी आ गया। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कई आंगनबाड़ी सेविकाओं के घायल होने की भी खबर है। पटना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का आज तीसरा दिन है। आज डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का जन्मदिन है। आरजेडी ऑफिस में आज डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का जन्मदिन मनाया जाएगा। इसलिए आंगनबाड़ी सेविकाएं यहां अपनी मांग को लेकर डिप्टी सीएम से मिलने पहुंची थीं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अपनी बेटी को लक्ष्मी बताते हैं, क्या हम लोग अपनी मां की बेटी नहीं हैं। तेजस्वी यादव केक काट रहे हैं और हम लोग को डंडे से पिटवा रहे हैं। हम खुदकुशी कर लेंगे। 800 रुपए में कैसे से पर्व मनता है। सेविकाओं का कहना है कि तेजस्वी भइया 5950 में हमारा भी पेट नहीं भरता है। हम क्या मांग रहे हैं बस पेट की भूख। तेजस्वी भइया का आज जन्मदिन है उन्हीं के मेनिफेस्टो में 7वें नंबर पर था कि मैं जब सरकार में आऊंगा तो आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायकों का मानदेय डबल कर दूंगा। आज तक वह मानदेय डबल नहीं हुआ है। एक महिला की आस कब तक निराश नहीं होता है। जब तक भाई के सांस में सांस रहता है। अभी तक हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। सभी लोग नारी सशक्तिकरण का बात करते हैं। बुधवार को प्रदर्शन को देखते हुए बिहार सरकार की ओर से मंत्री मदन सहनी ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को बुधवार शाम 5 बजे बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हुई। आंगनबाड़ी सेविका संघ के महासचिव बिंदश्वर सिंह समेत 5 लोग मंत्री से मिलने पहुंचे थे। बिंदेश्वर सिंह ने कहा कि हमें बातचीत के लिए मंत्री मदन सहनी ने बुलाया था, लेकिन विधानसभा में विधानमंडल दल की बैठक चल रही है। इस कारण से मंत्री आवास पर नहीं थे। ऐसे में हमारी उनसे बातचीत नहीं हो पाई है। इसलिए हमारा प्रदर्शन गुरुवार को भी पूरे दिन जारी रहेगा। आंगनबाड़ी सेविकाओं का कहना था कि अगर मंत्री जी से मिलने के बाद उनकी विभिन्न मांगों पर सरकार से सहमति बनती तो यह प्रदर्शन खत्म कर दिया जाता, लेकिन मंत्री जी से मुलाकात नहीं हो पाई इसलिए हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। अभी बिहार में आंगनबाड़ी सेविकाओं को 5 हजार 950 सैलरी दी जाती है। वो 25 हजार रुपए की मांग कर रही हैं। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिका की सैलरी 2,700 है। वो 18 हजार की मांग कर रही हैं।

About Post Author

You may have missed