राजीव नगर में अतिक्रमण की कार्रवाई पर पटना हाईकोर्ट ने लगाई रोक, गिरफ्तार लोगों को छोड़ने का आदेश, अगली सुनवाई 6 जुलाई को

पटना। राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर में अवैध निर्माण पर दो दिनों से चल रहे प्रशासन के बुलडोजर पर पटना हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। नेपाली नगर के लोगों की तरफ से कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुनवाई करते हुए न्यायालय ने घरों के तोड़ने पर फिलहाल के लिए रोक लगा दी है। इस मामले पर 6 जुलाई को सुनवाई होगी, साथ में कोर्ट ने सभी गिरफ्तार किए गए लोगों को छोड़ने का भी आदेश दिया है।
जाप कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज
दरअसल, पूरा मामला राजीव नगर थाने में पड़ने वाली जमीन से जुड़े विवादित 1024 एकड़ की जमीन से जुड़ा हुआ है। अब इस पर सैकड़ों की संख्या में घर बन चुके हैं। बीते रविवार की सुबह जिला प्रशासन 17 बुलडोजर व काफी संख्या में पुलिस बल के साथ नेपाली नगर में अवैध निर्माण को तोड़ने पहुंची थी। इस दौरान स्थानीय लोगों व पुलिस प्रशासन के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा रोड़ेबाजी व जवाब में पुलिस की ओर से किए गए रबड़ गोली की फायरिंग में कई पुलिस के जवान समेत प्रदर्शनकारी घायल हुए थे। मौके पर डीएम और एसएसपी भी पहुंचे थे। लोग प्रशासन ने घरों पर बुलडोजर नहीं चलाने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन बुलडोजर लगातार मकानों को ढ़ाह रहा था। प्रशासन ने 20 एकड़ भूमि पर बने 35 निर्माणाधीन व बड़े मकान तथा 35 चाहरदिवारी को ढ़ाह दिया। वहीं आज सोमवार को भी जेसीबी से शेष अवैध बने घरों को तोड़ा जा रहा था। इस दौरान जन अधिकार पार्टी सुप्रीमो पप्पू यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ पंहुचे थे। वे पुलिस की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें हटने को कहा, लेकिन वो नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया।
26 गिरफ्तार, व्हाट्सएप चैट भी खंगाले जा रहे : डीएम
डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि 26 नामजद और 350 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पकड़े गए लोगों में एक महिला भी शामिल हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। बाकी लोगों को वीडियो फुटेज के आधार पर खोजा जा रहा है, साथ ही उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों के वॉट्सऐप चैट को भी खंगाला जा रहा है। चैट के मुताबिक षड्यंत्र रचने वाले भू माफियाओं को भी पकड़ा जाएगा। डीएम ने बताया कि पूर्व सांसद पप्पू यादव अपने समर्थकों के साथ नेपाली नगर में धारा 144 का उल्लंघन करते हुए स्थानीय लोगों के समर्थन में धरने पर बैठ गए थे। प्रशासन ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें, उनके समर्थकों को वहां से हटाया। साथ ही प्राथमिकी दर्ज की गई है। धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

About Post Author

You may have missed