रूस यूक्रेन युद्ध के 50वें दिन राष्ट्रपति जेलेंस्की का संबोधन, बोले- युद्ध में 50 दिन तक लड़ते रहने में हमें गर्व है

दुनिया। 24 फरवरी को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पड़ोसी यूक्रेन पर सैन्य हमले की शुरुआत की घोषणा की थी। रूसी तोपखाने और हवाई हमलों ने यूक्रेनी शहरों को कुचल दिया, और क्रेमलिन की सेना सीमा पार देश में घुसकर बड़ा ‘सैन्य अभियान’ चलाने लगी, जिससे बड़े पैमाने पर पलायन शुरू हो गया जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप का सबसे बड़ा शरणार्थी संकट बन गया है। लेकिन इन तमाम घटनाक्रमों के बीच यूक्रेन अभी भी खड़ा है और रूस को कड़ी टक्कर दे रहा है। यही वजह है कि यूक्रेन की सेना और राष्ट्रपति जेलेंस्की की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूसी आक्रमण के 50 दिनों को याद करते हुए अपने देश को पूरी दुनिया के लिए नायक बताते हुए सम्मानित किया। अपने सिग्नेचर स्टाइल में रात के संबोधन में उन्होंने अपने साथी यूक्रेनियन की बहादुरी के लिए प्रशंसा करते हुए कहा कि आप सभी दुनिया के आजाद लोगों के हीरो हैं।

8 साल से हमारे लोगों को मार रहा है रूस : जेलेंस्की

जेलेंस्की ने कहा की उन लोगों के लिए जो कुदाल को कुदाल कहने का साहस रखते हैं। उन लोगों के लिए जो झूठे प्रचार के जाल में नहीं फंसे। आप सभी नायक बन गए हैं। सभी यूक्रेनी पुरुष और महिलाएं जिन्होंने ये दंश झेला है और इसके विरुद्ध खड़े हुए हैं और हार नहीं मानी। आप ही जीतोगे। यूक्रेन में शांति आप ही लाओगे। आप आजाद दुनिया के हीरो हो। जेलेंस्की ने कहा की रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध शुरू नहीं किया। 2014 में रूसी सैनिक हमारे यहां आए थे। उन्होंने हमारे क्रीमिया पर कब्जा कर लिया। उन्होंने इसे एक बड़े सैन्य अड्डे में बदल दिया। उन्होंने काला सागर और आजोव सागर को ग्रह पर सबसे खतरनाक समुद्रों में से एक बना दिया। उन्होंने हमारे डोनबास में एक भयानक, बिल्कुल निंदक युद्ध शुरू किया। वे 8 साल से हमारे लोगों को मार रहे हैं। इस दौरान 14 हजार मारे गए

युद्ध में 50 दिन तक जीवित रहने पर हमें गर्व हैं : जेलेंस्की

काला सागर में तैनात रूसी लड़ाकू बेड़े में शामिल युद्धपोत मोस्कवा, जो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, बृहस्पतिवार को डूब गया। यूक्रेन ने कहा है कि उनकी सेना ने युद्धपोत पर मिसाइल हमले किए थे, जबकि रूस ने दावा किया है कि मोस्कवा आग लगने से क्षतिग्रस्त हुआ था और उस पर कोई मिसाइल हमला नहीं हुआ था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार रात देश के नाम दिए वीडियो संबोधन में रूसी युद्धपोत के डूबने की ओर इशारा किया। जेलेंस्की ने यूक्रेन के लोगों से कहा कि उन्हें इस युद्ध में 50 दिन तक जीवित रहने पर काफी गर्व होना चाहिए, जबकि रूस ने उन्हें सिर्फ पांच दिन दिए थे। यूक्रेन ने कैसे रूसी आक्रमण का सामना किया है, इस बात का जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा की जिन्हें लगता था कि समुद्र के तल में पहुंचने के बाद भी रूसी युद्धपोत बच सकता है। वे देख लें। अपने संबोधन में उन्होंने युद्धपोत का बस इतना ही जिक्र किया।

About Post Author