मुंगेर में ब्यूटी पार्लर पहुंची दुल्हन को बिहार पुलिस के जवान ने मारी गोली, घटना के बाद आरोपी फरार

मुंगेर। बिहार में इन दिनों क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। अपराधी भी अपनी आपराधिक घटनाओं से पुलिस महकमे को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुंगेर कासिम बाजार थाना क्षेत्र के कस्तूरबा वाटर्स वर्क्स स्थित जावेद हबीब स्पा (ब्यूटी पार्लर) में संवरने पहुंची दुल्हन को रविवार की रात गोली मार दी गई। स्पा में घुसकर गोली मारने के बाद युवक फरार हो गया। पुलिस ने पिस्टल और खोखा बरामद किया है। एक गोली दायां तरफ कंधे से होते हुए निकल गई। युवती की रविवार की रात शादी होनी थी, उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने हालत खतरे से बाहर बताई है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर राजेश कुमार और कई थानों की पुलिस पहुंची। युवती के पिता से मामले की जानकारी ली। दरअसल, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तारापुर दियारा के महेशपुर निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी अपूर्वा कुमारी (26) की रविवार की शादी थी। अपूर्वा की बरात खड़गपुर से आ रही थी। शादी से पहले अपूर्वा कस्तूरबा वाटर्स वर्क्स के पास स्पा (ब्यूटी पार्लर) पहुंची थी। दुल्हन यहां संवर रही थी कि इस बीच गांव के ही अमन कुमार पहुंचा और युवती को पीछे से गोली मार दी। गोली चलते ही दुल्हन गिर गई और स्पा में अफरा-तफरी मच गई। अमन कुमार बिहार पुलिस का जवान है, फिलहाल पटना में उसकी तैनाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है। चिकित्सक ने बताया कि गोली अभी फंसी हुई है, लेकिन युवती की हालत खतरे से बाहर है।

घटना के बाद परिवार वालों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस जावेद हबीब पहुंची। यहां के संचालक और कर्मियों से बातचीत की और सीसीटीवी फुटेज खंगाला। पुलिस ने फुटेज से आरोपी युवक की पहचान कर ली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले युवक को गिरफ्तार किया जाएगा। युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। स्पा के कर्मचारियों ने बताया कि युवती के साथ ही युवक आया था। संवरने के दौरान युवती के पीछे ही युवक खड़ा था। कर्मियों ने बताया कि उन्हें लगा कि परिवार का सदस्य है। इस बीच अमन ने पिस्टल में गोली लोड की और युवती को पीछे से मार दी। इसके बाद अमन ने भी खुद को गोली मारने का प्रयास किया, इसमें वह सफल नहीं रहा। कर्मियों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। इस बीच वह किसी तरह भाग निकला।

About Post Author

You may have missed